एग्रीवेट: 17 नवंबर 2026, शहडोल: उड़द के मिनी किट से बदली खेती की तस्वीर – शासन की योजनाओं का लाभ और कृषि विभाग का मार्गदर्शन किसानों के लिए आर्थिक समृद्धि का नया रास्ता खोल रहा है। इसका प्रेरक उदाहरण ग्राम बरतरा के किसान श्री वाल्मीकि कुशवाहा ने प्रस्तुत किया है। कृषि विभाग से प्राप्त उड़द के महज 4 किलोग्राम मिनीकिट से उन्होंने दो क्विंटल उड़द का उत्पादन प्राप्त कर अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया है। उनकी यह सफलता अब गांव के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन रही है।
जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम बरतरा में आयोजित शिविर में किसान श्री वाल्मीकि कुशवाहा ने अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए बताया कि उन्हें कृषि विभाग की ओर से उड़द का 4 किलोग्राम मिनी किट उपलब्ध कराया गया था। उन्होंने विभागीय मार्गदर्शन के अनुसार प्राप्त बीज का उपयोग कर उड़द की फसल लगाई। उचित देखभाल, मेहनत और लगन के परिणामस्वरूप उन्हें दो क्विंटल उड़द का उत्पादन प्राप्त हुआ।
गन्ना किसानों के 27.74 करोड़ बकाया भुगतान पर एक्शन, पंजाब सरकार ने चीनी मिल सील की – एग्रीवेट
छोटे प्रयास से मिली बड़ी सफलता – किसान वाल्मीकि कुशवाहा ने बताया कि कृषि विभाग से मिले मिनीकिट ने उन्हें खेती में नया प्रयोग करने का अवसर दिया। सीमित मात्रा में मिले बीज से प्राप्त बेहतर उत्पादन ने उनका उत्साह बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से यह संदेश मिलता है कि उन्नत बीज, उचित कृषि तकनीक और मेहनत के समन्वय से किसान बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। अन्य किसानों के लिए बने प्रेरणास्रोत जन विश्वास शिविर में किसान द्वारा साझा की गई सफलता की कहानी ने उपस्थित किसानों को भी प्रोत्साहित किया।
ग्राम बरतरा के अन्य किसान भी अब कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ लेकर खेती में नवाचार करने और उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। कृषि विभाग की योजनाओं के माध्यम से किसानों को उन्नत बीज एवं तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की पहल ग्रामीण क्षेत्रों में खेती को लाभकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है। किसान वाल्मीकि कुशवाहा की सफलता इसी का प्रेरक उदाहरण है।