छत्तीसगढ़ में बारिश कहर.. आंधी-तूफान का अलर्ट, नदी-नाले उफनाए, धान के खेत में किसान डूबा—जानें पूरा मामला – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे में बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने और कई नदियों का जलस्तर बढ़ने के बाद सड़क संपर्क बाधित हुआ है और खासकर बस्तर क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. कोंडागांव जिले में बारिश के बाद धान के खेत में मछली पकड़ने के दौरान 40 वर्षीय किसान की डूबकर मौत हो गई. राज्य मौसम विभाग ने लोगों को इंद्रावती नदी और महानदी के किनारे से दूर रहने और बारिश के दौरान घरों में रहने की सलाह दी है.

राज्य सरकार की ओर से जारी मौसम बुलेटिन में बताया गया है पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश के कारण शुक्रवार को बस्तर क्षेत्र के दंतेवाड़ा, बीजापुर, कोंडागांव, कांकेर और बस्तर जिलों के साथ-साथ रायपुर संभाग के गरियाबंद और धमतरी जिले और दुर्ग जिले में कई जगह जलभराव की स्थिति देखी गई है. इसके चलते सरकारी व निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है. प्रभावित इलाकों में सरकारी स्कूलों में उस दिन होने वाली तिमाही परीक्षा भी स्थगित कर दी गई.

जारी बयान में कहा गया कि कोंडागांव जिले से बहने वाली नारंगी नदी उफनाई हुई है. इन नदी के पास बसे मदानार गांव के 40 साल के किसान सूरज पटेल पानी में डूबे अपने धान के खेत में मछली पकड़ने गए थे, जहां वह खेत में पैर फिसलने से बहकर बरसाती नाले से होते हुए नदी में पहुंच गए, जिसके बाद उनकी मौत हो गई. वहीं, प्रशासन ने बस्तर इलाके के सात जिलों में लोगों से अपील की है कि वे नदियों और नालों को पार करने की कोशिश न करें और आपातकालीन स्थिति में बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें.

बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर में निचले इलाकों की बस्तियों और कई कॉलोनियों की सड़कें पानी में डूब गईं, जबकि कुछ इलाकों में घरों में पानी घुस गया. रायपुर को जगदलपुर से जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग-30 भी कुछ जगहों पर पानी में डूब गया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. जगदलपुर में इंद्रावती नदी के किनारे निचले इलाकों और नदी के पास के क्षेत्रों के निवासियों को सतर्क किया गया है. इंद्रावती नदी और महानदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क किया गया है तथा निवासियों को नदियों और नालों के पास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिक अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता…

– सीएमओ छत्तीसगढ़ (@ChhattisgarhCMO) 25 सितंबर, 2026

राज्य के 7 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है. प्रशासन ने यहां पर अलर्ट जारा किया है. सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में रायपुर, बस्तर और दुर्ग संभाग के कुछ हिस्से शामिल हैं, जहां सड़कें और निचले इलाके पानी में डूब गए. वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार धमतरी जिले में लगातार बारिश की वजह से बड़े जलाशयों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ा. इस बीच, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों में ऑरेंज अलर्ट के बीच बृहस्पतिवार सुबह से लगातार बारिश जारी है, जिसकी वजह से खेतों में पानी भर गया और नदियां व नाले उफान पर हैं.

रायपुर में सुंदर नगर, महादेवघाट रोड और पुरानी विधानसभा रोड इलाके समेत कई जगहों पर पानी भरने की खबर मिली है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. रायपुर स्थित मौसम केंद्र के एक अधिकारी ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान है.

Share This Article