एग्रीवेट: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 23 अक्टूबर को देश के कई हिस्सों में खराब मौसम की चेतावनी दी है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 11 राज्यों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी आने की संभावना है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इस चेतावनी में दिल्ली, उत्तर . प्रदेश, बिहार, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश शामिल हैं. वहीं, राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है.
उत्तर भारत में एक बार फिर नया पश्चिमी विक्षोभ मौसम को प्रभावित कर सकता है. इसके अलावा, बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु के पास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इसके असर से पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम के मौजूदा हालात को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. यात्रा की योजना बनाने वालों को मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान और चेतावनियों की जानकारी लेते रहने को कहा गया है.
उत्तराखंड के कुछ इलाकों में 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है. वहीं, झारखंड में 23 और 24 अक्टूबर को इतनी ही रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. हाड़ी इलाकों में घूमने जाने वाले लोगों पर भी खराब मौसम का असर पड़ सकता है. इन इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. ऐसे में लोगों को यात्रा पर निकलने से पहले स्थानीय मौसम का हाल जानने की सलाह दी गई है.
दिल्ली में 23 अक्टूबर को बारिश होने और सतह के पास तेज हवाएं चलने का अनुमान है. राजधानी में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, मेरठ, बरेली, आगरा, मथुरा, कानपुर, वाराणसी और गोरखपुर समेत कई शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बिहार में भी बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी चल सकती है. मौसम की चेतावनी में पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, पटना, गया, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, भागलपुर, पूर्णिया और कटिहार समेत कई जिले शामिल हैं. पटना में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. पंजाब और पूर्वी भारत के कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है. पंजाब के पठानकोट, बरनाला, पटियाला, लुधियाना, गुरदासपुर, चंडीगढ़ और जालंधर में बारिश हो सकती है. इस दौरान 35 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.
वहीं, पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, मालदा, नदिया और उत्तर 24 परगना समेत कई जिलों में बारिश और गरज-चमक हो सकती है. दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और अलीपुरद्वार के पहाड़ी इलाकों में भी बारिश की संभावना है. कुछ जगहों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. झारखंड में 23 और 24 अक्टूबर को भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना है. धनबाद, देवघर, रांची, जमशेदपुर और गिरिडीह समेत कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश और गरज-चमक हो सकती है. कुछ इलाकों में 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, हिमाचल प्रदेश के मंडी, चंबा, किन्नौर, कुल्लू, सोलन, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में भी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भी बारिश और गरज-चमक की संभावना है. उधमपुर, पुलवामा, किश्तवाड़, बडगाम, गांदरबल, रामबन और बारामूला समेत कई इलाकों में मौसम बदल सकता है.