एग्रीवेट: देश के ज्यादातर राज्यों की मंडियों में नई फसल की धान की आवक शुरू हो गई है. आवक बढ़ने के साथ ही धान के भाव में नरमी देखने को मिल रही है. भारत सरकार के कृषि मंत्रालय के तहत आने वाले कृषि विपणन सूचना नेटवर्क (Agmarknet) पोर्टल के आंकड़ों के मुताबिक, 19 अक्टूबर को धान का थोक मंडी भाव 2,622.42 रुपये प्रति क्विंटल रहा. एक महीने पहले 19 सितंबर को यह 2,999.89 रुपये था यानी एक महीने में भाव में 12.58 प्रतिशत की गिरावट आई है. हालांकि, राष्ट्रीय औसत भाव सामान्य धान और ग्रेड ए धान के एमएसपी क्रमश: 2441 रुपये प्रति क्विंटल और 2461 रुपये प्रति क्विंटल से ज्यादा है. वहीं, मंडियों में अब धान की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है. ऐसे में जानिए तीन प्रमुख धान उत्पादक राज्यों में शामिल पंजाब, हरियाणा और आंध्र प्रदेश की अनाज मंडियों में 22 अक्टूबर 2026 को धान का भाव क्या रहा…
पंजाब की मंडियों में भाव लगभग एक समान रहा. ज्यादातर मंडियों में धान 2,461 रुपये प्रति क्विंटल पर बिका और कोई उतार-चढ़ाव नहीं दिखा. फाजिल्का की जलालाबाद मंडी में बासमती धान 3,766 से 4,215 रुपये के बीच बिका. यहां मॉडल भाव 4,150 रुपये रहा.
हरियाणा में भी ज्यादातर मंडियों में धान 2,461 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बिका. करनाल की कुंजपुरा मंडी में न्यूनतम और मॉडल भाव 2,441 रुपये रहा. पानीपत मंडी में बासमती 1509 का मॉडल भाव 4,311 रुपये और डी.बी. किस्म का 4,361 रुपये रहा.
वहीं, आंध्र प्रदेश की मंडियों में भाव में काफी फर्क दिखा. मॉडल भाव 1,950 रुपये (रोम्पिचेरला, चित्तूर) से लेकर 4,700 रुपये (बापटला) तक रहा. ज्यादातर मंडियों में यह 2,300 से 2,700 रुपये के बीच रहा. हालांकि, मंडियों में आवक भी कम रही. ज्यादातर मंडियों में सिर्फ 0.10 टन धान पहुंचा, जबकि सबसे ज्यादा 7.5 टन आवक रोम्पिचेरला में हुई.