KMF ने नंदिनी दही के दाम 1-2 रुपये घटाए, इसी महीने 14 रुपये बढ़ाए थे, अब इतनी होगी नई कीमत – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: कर्नाटक में नंदिनी ब्रांड का दही खरीदने वाले उपभोक्ताओं को मामूली राहत मिली है. राज्य सरकार के निर्देश के बाद कर्नाटक कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स फेडरेशन (KMF) ने दही की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलो की कटौती की है. नई दरें 29 नवंबर 2026 से लागू होंगी. इसके बाद 500 ग्राम और 1 किलो दही के पैकेट पहले के मुकाबले 1-2 रुपये सस्ते मिलेंगे. मालूम हो कि इसी महीने नंदिनी ने दही की कीमत में 14 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ाेतरी की थी.

KMF की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, नंदिनी दही के 1 किलो पैकेट की कीमत अब 68 रुपये से घटाकर 66 रुपये कर दी गई है. वहीं, 500 ग्राम के पैकेट की कीमत 34 रुपये से कम करके 33 रुपये कर दी गई है. यह फैसला उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए कर्नाटक सरकार के निर्देश पर लिया गया है.

दरअसल, दूध उत्पादकों की मांग के बाद KMF ने 1 नवंबर 2026 से नंदिनी दूध और दही की कीमतों में बदलाव किया था. इससे पहले कर्नाटक कैबिनेट ने नंदिनी दूध के दाम में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी. यह फैसला भी 1 नवंबर से लागू हुआ था. इसके साथ ही दही की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई थी. 1 किलो दही का पैकेट 54 रुपये से बढ़ाकर 68 रुपये और 500 ग्राम का पैकेट 28 रुपये से बढ़ाकर 34 रुपये कर दिया गया था.

दूध और दही के दाम बढ़ने के बाद राज्य में उपभोक्ताओं, विपक्षी नेताओं और होटल एसोसिएशन ने इसका विरोध किया था. इसके बाद राज्य सरकार ने उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए KMF को दही की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो की कटौती करने का निर्देश दिया. इसी के बाद फेडरेशन ने नई दरें जारी की हैं.

KMF ने अपने बयान में कहा कि फेडरेशन सहकारी सिद्धांतों पर काम करता है और दूध उत्पादकों के साथ उपभोक्ताओं के हितों का भी ध्यान रखता है. करीब पांच दशकों से KMF कर्नाटक में डेयरी उत्पादों की आपूर्ति कर रहा है. इसके जरिए लाखों दुग्ध उत्पादक किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी मदद मिल रही है. फेडरेशन के मुताबिक, नंदिनी ब्रांड के उत्पादों में आधुनिक प्रोसेसिंग तकनीक, गुणवत्ता जांच और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता है. Copyright

Share This Article