एग्रीवेट: 07 अक्टूबर 2026, इंदौर: इंदौर: कम बारिश में बेहतर उत्पादन के लिए फसल किस्मों और बीजों पर विशेषज्ञों ने की चर्चा – कम बारिश की स्थिति को देखते हुए किसानों के लिए उपयुक्त फसल किस्मों, बीजों की उपलब्धता और कम पानी में तैयार होने वाली फसलों को लेकर कृषि विशेषज्ञों ने चर्चा की। संयुक्त संचालक कृषि इंदौर संभाग जितेन्द्र कुमार सिंह ने भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के क्षेत्रीय केंद्र, इंदौर का भ्रमण कर वैज्ञानिकों से किसानों के हित में कृषि संबंधी विभिन्न विषयों पर जानकारी ली। भ्रमण के दौरान संस्थान के हेड एवं प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. जंग बहादुर सिंह, भारतीय श्री अन्न अनुसंधान संस्थान, हैदराबाद के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. हरि प्रसन्ना, कृषि महाविद्यालय इंदौर के वैज्ञानिकों सहित अन्य विशेषज्ञों के साथ चर्चा हुई। बैठक में कम बारिश की स्थिति में किसानों को कम पानी में बेहतर उत्पादन देने वाली फसल किस्मों के चयन और उनके उपयोग को लेकर उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर विचार-विमर्श किया गया।
संयुक्त संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार सिंह ने संस्थान द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान वैज्ञानिकों ने किसानों के लिए विकसित गेहूं की विभिन्न किस्मों के संबंध में जानकारी दी। क्षेत्र की परिस्थितियों के अनुरूप उपयुक्त किस्मों के चयन, बीज उपलब्धता और किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन दिए जाने के संबंध में भी जानकारी साझा की गई।
इसी क्रम में संयुक्त संचालक कृषि ने बीज व्यवस्था की तैयारियों की भी समीक्षा की। समीक्षा के दौरान नाफेड के डॉ. प्रदीप सिंह कुशवाह ने उपलब्ध बीज और बीज व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी। बैठक में किसानों को समय पर पर्याप्त और उपयुक्त बीज उपलब्ध कराने तथा कम बारिश की परिस्थितियों के अनुरूप फसल चयन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। चर्चा के दौरान डॉ. राहुल गजघाटे, वरिष्ठ वैज्ञानिक, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान तथा डॉ. आनंद हर्षसाना, सहायक प्राध्यापक, कृषि महाविद्यालय इंदौर सहित अन्य वैज्ञानिक उपस्थित रहे।