एग्रीवेट: 02 अक्टूबर 2026, भोपाल( कृषक जगत): इफको “स्वच्छता ही सेवा” अभियान में शामिल – इफको राज्य कार्यालय ने “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया । स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सहभागिता सुनिश्चित करना तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश देते हुए इफको अभियान में शामिल हुआ।
अभियान में इफको मध्यप्रदेश के राज्य विपणन प्रबंधक डॉ. दिनेश कुमार सोलंकी, मुख्य प्रक्षेत्र प्रबंधक डॉ. ओम शरण तिवारी, उप प्रचार प्रबंधक श्री विकास चौरसिया, प्रबंधक श्री अखिलेश तोमर सहित राज्य कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर राज्य प्रबंधक डॉ. सोलंकी ने कहा कि स्वच्छता केवल हमारे आसपास के वातावरण को साफ रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ जीवन, सकारात्मक सोच और जिम्मेदार नागरिकता का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वच्छता के प्रति निरंतर सजग रहने तथा समाज में स्वच्छता का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया ।