सिमेंटल गाय की कीमत कितनी है? रोजाना 20-28 लीटर दूध देने का दावा, जानिए इस नस्ल की खासियत – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: डेयरी बिजनेस किसानों और पशुपालकों के लिए एक अच्छा विकल्प बनता जा रहा है और कई किसान, पशुपालक इस करोबार से जुड़ अधिक आमदनी भी अर्जित कर रहे हैं. ऐसे में अगर आप भी इस व्यवसाय से जुड़े हैं और आपको गाय की ऐसी नस्ल की तलाश है, जिससे अधिक दुग्ध उत्पादन मिलता रहे, तो आपके लिए सिमेंटल गाय की नस्ल मजबूत शरीर, अच्छी ग्रोथ और बेहतर दूध उत्पादन क्षमता के कारण डेयरी करोबार के लिए अच्छा विकल्प साबित हो सकती है.

अगर आप सिमेंटल गाय की खरीद करने की सोच रहे हैं, तो इसकी कीमत सामान्य देशी गायों की तुलना में अधिक हो सकती है. बाजार में इसकी कीमत लगभग 1 लाख रुपये से लेकर 2.5 लाख रुपये या उससे अधिक तक बताई जाती है. हालांकि, किसी पशु की वास्तविक कीमत उसकी उम्र, नस्ल की शुद्धता, स्वास्थ्य, ब्यांत, दूध उत्पादन, गर्भावस्था और ब्रीडिंग रिकॉर्ड जैसी कई चीजों पर निर्भर करती है.

रोजाना कितना दूध देती है सिमेंटल गाय?

सिमेंटल गाय की सबसे ज्यादा चर्चा उसके दूध उत्पादन को लेकर होती है. अच्छी जेनेटिक्स और बेहतर प्रबंधन वाली कुछ गायों से 20 से 28 लीटर प्रतिदिन तक दूध उत्पादन का दावा किया जाता है. हालांकि, इसे हर सिमेंटल गाय का सामान्य उत्पादन नहीं माना जाना चाहिए. यानी की दूध की मात्रा पशु के खान-पान, उम्र, ब्यांत, स्वास्थ्य, मौसम और देखभाल पर निर्भर करती है.

स्विट्जरलैंड से जुड़ी है इस नस्ल की पहचान

सिमेंटल नस्ल का मूल संबंध स्विट्जरलैंड के सिमेंटल क्षेत्र से माना जाता है. समय के साथ इस नस्ल का उपयोग दुनिया के कई देशों में डेयरी और बीफ उत्पादन के लिए किया गया. इसकी मजबूत कद-काठी और बहुउपयोगी विशेषताओं के कारण इसे कई देशों में पसंद किया जाता है. साथ ही भारत में भी सिमेंटल या इससे संबंधित जेनेटिक्स को लेकर पशुपालकों की रुचि देखने को मिलती है. हालांकि, पशु खरीदते समय यह देखना जरूरी है कि वास्तव में पशु की नस्ल और उसके ब्रीडिंग रिकॉर्ड क्या हैं.

सिमेंटल गायों की पहचान उनके मजबूत और भारी शरीर से की जाती है. सामान्य तौर पर इनमें अच्छी बॉडी फ्रेम, मजबूत पैर और विकसित मांसपेशियां देखने को मिल सकती हैं. लेकिन केवल शरीर देखकर किसी पशु की दूध उत्पादन क्षमता का अनुमान लगाना सही नहीं है. ऐसे में पशुपालक डेयरी फार्म के लिए गाय चुनते समय उसके थन की बनावट, दूध उत्पादन, पिछले ब्यांत का रिकॉर्ड, उम्र, स्वास्थ्य और प्रजनन जैसे पहलुओं की जरुर जांच कर लें.

सिमेंटल गाय खरीदने का मन बना रहे हैं तो केवल उसके रंग, शरीर या नस्ल के नाम से प्रभावित होकर फैसला न लें. सबसे पहले गाय की उम्र, दांत, ब्यांत, गर्भावस्था की स्थिति और स्वास्थ्य रिकॉर्ड की जानकारी लें.

इसके अलावा पिछले ब्यांत में कितना दूध दिया, वर्तमान में कितना दूध दे रही है और दूध उत्पादन का रिकॉर्ड उपलब्ध है या नहीं, यह जरूर जांचें. संभव हो तो गाय का दूध निकलते हुए देखकर ही सौदा करें.

Share This Article