एग्रीवेट: 19 सितंबर 2026, पांढुर्ना: पांढुर्ना: पॉलीहाउस में गुलाब उगाकर मालामाल हुईं अनिता, अब रोजाना हो रही ₹4,000-4,500 की कमाई – पीएम एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत आधुनिक और संरक्षित खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी योजना का लाभ लेकर पांढुर्ना जिले के ग्राम सिवनी की श्रीमती अनिता पति श्री रामदास पाठे ने 2 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में पॉलीहाउस स्थापित कर गुलाब की खेती शुरू की। अब उन्हें इससे रोजाना करीब 4,000 से 4,500 रुपये तक की आमदनी हो रही है।
अनिता पहले सामान्य तरीके से खेती करती थीं, लेकिन अधिक लागत के बावजूद अपेक्षित आमदनी नहीं हो पाती थी। उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन से उन्होंने संरक्षित खेती के बारे में जानकारी ली और वर्ष 2023-24 में अपने खेत पर पॉलीहाउस स्थापित किया। पॉलीहाउस निर्माण के लिए उन्हें पीएम एकीकृत बागवानी विकास मिशन के अंतर्गत 9 लाख 25 हजार 600 रुपये का अनुदान मिला। योजना के तहत लागत का 50 प्रतिशत अनुदान मिलने से उन्हें आर्थिक सहयोग मिला। पॉलीहाउस स्थापित करने के लिए उन्होंने बैंक से ऋण भी लिया था।
अनिता ने पॉलीहाउस में गुलाब की ‘टॉप सिक्रेट’ वैरायटी लगाई है। वर्तमान में उन्हें प्रतिदिन करीब 800 गुलाब स्टिक का उत्पादन मिल रहा है, जिससे रोजाना लगभग 4,000 से 4,500 रुपये की आमदनी हो रही है। इसके अलावा खुले क्षेत्र में गुलाब की पंखुड़ियों का भी प्रतिदिन करीब 8 से 10 किलोग्राम उत्पादन हो रहा है। इन्हें वे स्थानीय बाजार और नागपुर बाजार में लगभग 100 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेच रही हैं।
अनिता के अनुसार, गुलाब की अच्छी गुणवत्ता और बेहतर बाजार मिलने से परिवार की आमदनी बढ़ी है। उन्होंने अपने खेत पर दो लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराया है। उनका कहना है कि योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता, उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन और तकनीकी सहयोग से उन्हें संरक्षित खेती शुरू करने का अवसर मिला। अनिता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उद्यानिकी विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अन्य किसानों से भी शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आधुनिक एवं संरक्षित खेती अपनाने की अपील की।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture