खरीफ फसलों की खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, मंत्री ने बताया किसान कैसे और कहां करें पंजीयन – एग्रीवेट

atulpradhan
5 Min Read

एग्रीवेट: Madhya Pradesh Kharif Produce Purchase: खरीफ फसलों की सरकारी खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. मध्य प्रदेश सरकार ने धान, ज्वार, बाजरा, मूंग, मक्का समेत अन्य खरीफ फसलों की खरीद करने के लिए किसानों से पंजीयन कराने की अपील की है. खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा है कि खरीफ फसलों की खरीद शुरू की जा रही है. किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर भुगतान किया जाएगा और इसके लिए खरीद केंद्रों पर तैयारियां पूरी की जा रही हैं. किसान अपनी उपज बिक्री के लिए जल्द से जल्द पंजीयन करा लें और पंजीयन सुविधा ऑनलाइन और ऑफलाइन दी जा रही है. मध्य प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार और बाजरा उपार्जन का किसान पंजीयन आज मंगलवार से शुरू हो गया है. किसान 10 अक्टूबर तक अपनी उपज बेचने के लिए पंजीयन करा सकते हैं. खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किसानों से निर्धारित समय में पंजीयन कराने की अपील की है. मंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों को खरीफ फसलों की बिक्री के लिए पंजीयन सुविधा बिना दिक्कत-परेशानी के देने के लिए 1100 से अधिक पंजीयन केंद्र बनाए गए हैं. किसानों के लिए पंजीयन सुविधा ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, तहसील कार्यालय और सहकारी समितियों में पूरी तरह निशुल्क रखी गई है. पंजीयन के दौरान आधार सत्यापन, भूमि रिकॉर्ड का मिलान और बैंक खाते की जानकारी जरूरी होगी. मंत्री ने कहा कि जो किसान ऑनलाइन पंजीयन करना चाहते हैं वे एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर यह कर सकते हैं. इसके अलावा कॉमन सर्विस सेंटर और लोक सेवा केंद्रों पर अधिकतम 50 रुपये शुल्क देकर पंजीयन कराया जा सकता है. समर्थन मूल्य पर उपज के भुगतान के लिए किसान का आधार लिंक बैंक खाता और मोबाइल नंबर अपडेट होना जरूरी है. मध्य प्रदेश में खरीफ विपणन सीजन 2026-27 के लिए किसानों से धान, ज्वार, बाजरा, मूंग, मक्का समेत अन्य फसलों की MSP पर खरीद की जाएगी. धान (सामान्य) का न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP 2,441 रुपये प्रति क्विंटल तय की गई है. इसी तरह ज्वार हाइब्रिड के लिए 4,023 रुपये प्रति क्विंटल, ज्वार मालदांडी के लिए 4,073 रुपये, बाजरा के लिए 2,900 रुपये और मक्का के लिए 2,410 रुपये प्रति क्विंटल तय है. दलहन फसलों की खरीद के लिए मूंग की खरीद पर किसानों को 8,780 रुपये प्रति क्विंटल का भाव दिया जाएगा. इसी तरह उड़द के लिए 8,200 और अरहर के लिए 8,450 रुपये प्रति क्विंटल का भाव निर्धारित किया गया है. इसके अलावा सोयाबीन के लिए किसानों को 5,708 रुपये प्रति क्विंटल, मूंगफली के लिए 7,517 और तिल के लिए 10,346 रुपये प्रति क्विंटल का भाव दिया जाएगा.

Share This Article
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *