पराली प्रबंधन में ‘बूह हवेलियां’ ने दिखाई नई राह, 6 साल से बिना पराली जलाए खेती कर रहे किसान – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान धरती की सेहत सुधारने और किसानों की आय बढ़ाने के इरादे से पंजाब के खेतों में पहुंचे. उन्होंने कहा कि पराली प्रबंधन में ‘बूह हवेलियां’ ने देश को नई राह दिखाई है. यहां के किसान 6 साल से बिना पराली जलाए खेती कर रहे हैं.  पंजाब में राज्य सरकार द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू न करने पर शिवराज सिंह ने कहा कि बाढ़ और नुकसान की भरपाई के लिए इसे लागू करना जरूरी है. उन्होंने कहा कि केंद्र कृषि मशीनों को लेकर करोड़ों रुपये देता है, राज्य सरकार गुणवत्ता पक्की करे ताकि किसानों को लाभ मिले.

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के तरनतारन जिले के ग्राम ‘बूह हवेलियां’ में आयोजित ‘किसान चौपाल’ में शिरकत कर अन्नदाताओं से संवाद किया. उन्होंने कहा कि वे कोई बड़ी राजनीतिक सभा करने नहीं, बल्कि एक सेवक के रूप में किसानों के बीच बैठकर उनकी बात समझने आए हैं. इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार से किसानों के हित में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू करने का आग्रह किया और मोदी सरकार की किसान हितैषी नीतियों तथा एमएसपी पर रिकॉर्ड खरीद की प्रतिबद्धता को दोहराया.

किसान चौपाल को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भावुक और आत्मीय अंदाज में कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके पूरे देश का पेट भरता है. उन्होंने कहा, “मैं कोई नेता-वेता नहीं हूं, मैं तो किसानों का सेवक हूं. गुरु नानक देव जी ने भी यही संदेश दिया है कि अहंकार, ईर्ष्या और द्वेष से दूर रहकर सेवा करनी चाहिए। मंत्री पद किसी अहंकार के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा के लिए मिला है और मेरे लिए किसानों की सेवा ही सतगुरु भगवान की पूजा है.

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब देश में अन्न का संकट था और बाहर से लाल गेहूं मंगाना पड़ता था, तब पंजाब के किसानों ने ही हरित क्रांति लाकर देश के अन्न के भंडार भरे थे. लेकिन आज अत्यधिक रासायनिक खाद, कीटनाशक और पराली जलाने के कारण हमारी धरती माता की सेहत बिगड़ रही है. मित्र कीट और केंचुए खत्म हो रहे हैं. उन्होंने ग्राम बूह हवेलियां और आसपास के किसानों द्वारा पिछले छह सालों से पराली न जलाने और हैप्पी सीडर व डायरेक्ट सीडिंग अपनाने की सराहना करते हुए कहा कि इस गांव ने पूरे देश को ‘खेत बचाओ अभियान’ की नई दिशा दिखाई है.

प्रगतिशील किसान सरदार सुखविंदर सिंह (किरतोवाल), सरदार जतिंदर सिंह (मुंडा पिंड) और पूर्व सरपंच सरदार गुरनाम सिंह ने पराली प्रबंधन में आ रही व्यावहारिक दिक्कतें और बेलर मशीनों की सब्सिडी से जुड़े सुझाव रखे. कृषि मंत्री ने कहा कि भारत सरकार फसल अवशेष प्रबंधन के लिए इस वर्ष भी लगभग 286 करोड़ रुपये राज्य सरकार को दे रही है. केंद्र सरकार पैसा देती है, मशीनें खरीदने और गुणवत्ता जांचने की जिम्मेदारी राज्य शासन की है. राज्य सरकार को यह देखना चाहिए कि किसानों को अच्छी मशीनें मिलें और खराब होने पर उनकी मरम्मत की व्यवस्था हो.

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए उत्पादन बढ़ाने, लागत घटाने और फसलों के विविधीकरण (डायवर्सिफिकेशन) के साथ पशुपालन, मछली पालन व मुर्गी पालन जैसी एकीकृत खेती (इंटीग्रेटेड फार्मिंग) को अपनाना होगा. उन्होंने दुख जताया कि पंजाब में अभी तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू नहीं की गई है. उन्होंने बताया कि बाढ़ के समय भी उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इसे लागू करने का आग्रह किया था ताकि प्राकृतिक आपदा में किसानों के नुकसान की भरपाई हो सके.

Share This Article