घटिया और बनावटी पौधों का बढ़ता काला कारोबार, सस्ते के फेर में फंस रहे किसान.. नहीं मिल रहा फल – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: नकली और घटिया बीजों की बिक्री के बाद अब बागवानी पौधों की बिक्री के मामले देखे जा रहे हैं. अमानक बीज बिक्री को लेकर हाल ही में मध्य प्रदेश में केंद्र सरकार ने निजी कंपनी पर कार्रवाई भी की है. घटिया और नकली बागवानी पौधों को गलत दावों के साथ बेचने के मामलों पर हिमाचल सरकार ने जांच अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं. बागवानी एक्सपर्ट का कहना है कि कुछ नर्सरियों में किसानों को विलायती किस्मों के साथ ही कम समय में उत्पादन शुरू होने का लालच देकर आम, अमरूद, सेब, आड़ू समेत अन्य फलों के पौधे बेचे जा रहे हैं. उत्तर प्रदेश के रिटायर्ड वन अधिकारी राम सिंह बिष्ट ने बताया कि सस्ते के चक्कर में किसान इन पौधों को खरीद तो लेता है, लेकिन जब समय आने पर फूल और फल नहीं निकलते तो वह ठगा हुआ महसूस करता है.

हिमाचल प्रदेश सरकार ने घटिया किस्म के पौधों और नकली पौधों की बिक्री करने वाले जालसाजों के खिलाफ अभियान शुरू करने के निर्देश जिला उद्यान विभाग को दिए हैं. इस क्रम में शिमला जिले में किसानों को 20 उन्नत किस्म के प्रमाणित बागवानी पौधों को उपलब्ध कराने की शुरूआत की गई है और घटिया किस्म के पौधे बेचने वालों पर नकेल कसने के लिए अभियान शुरू किया गया है.

शिमला में चौपाल स्थि बागवानी विभाग के विशेषज्ञ डॉ. सुरेंद्र जस्टा ने बयान में कहा कि विभाग ने बागवानों को सेब के उच्च गुणवत्ता वाले पौधे उपलब्ध करवाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं. विभाग की ओर से दिसंबर माह से पौधों का वितरण शुरू किया जाएगा. इसके लिए बागवानों से पौधों की मांग भी जुटाई जा रही है, ताकि उनकी डिमांड के आधार पर समय रहते पौधे उपलब्ध करवाए जा सकें. विभाग के पास इस वर्ष सेब की करीब 20 किस्मों के पौधे उपलब्ध हैं. इनकी कीमत 75 रुपये से लेकर 180 रुपये तक रखी गई है. उन्होंने कहा कि बाजार में मिलने वाले पौधों की तुलना में विभाग बागवानों को उचित कीमत पर अच्छी गुणवत्ता के पौधे उपलब्ध करवा रहा है.

उन्होंने बागवानों को आगाह किया कि अच्छी गुणवत्ता वाले पौधों की तलाश में कई बार लोग ठगी का शिकार हो जाते हैं. नर्सरी संचालक पौधे की किस्म और गुणवत्ता को लेकर कुछ और बताते हैं, जबकि फल आने के बाद उसकी वास्तविक स्थिति का पता चलता है. ऐसे में बागवान केवल बागवानी विभाग या विभाग में पंजीकृत नर्सरियों से ही पौधे खरीदें, ताकि उन्हें आर्थिक नुकसान और समय की बर्बादी से बचाया जा सके.

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के रिटायर्ड जिला वन अधिकारी राम सिंह बिष्ट ने किसान इंडिया को बताया हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में हाल के दिनों में घटिया किस्म के पौधों को उन्नत किस्म का बताकर बेचे जाने की शिकायतें मिली हैं. उन्होंने कहा कि किसानों को ठगने वाले जालसाज तेजी से अपना कारोबार बढ़ा रहे हैं. ये जालसाज विलायती किस्म होने, कम लागत में और जल्दी उत्पादन शुरू होने का दावा करते हैं. सस्ते पौधे मिलने के लालच में किसान इन पौधों को खरीद तो लेते हैं लेकिन फूल और फल समय पर नहीं आने पर उन्हें जब तक ठगने का अहसास होता, बहुत देर हो चुकी होती है.

राम सिंह बिष्ट ने बताया कि किसानों को सरकारी विभाग से प्रमाणित पौधों की ही खरीद करनी चाहिए. इसके लिए जिला उद्यान कार्यालय या फिर कृषि विश्वविद्यालय और केवीके से पौधे खरीदे जा सकते हैं. यदि निजी नर्सरी से पौधों की खरीद कर रहे हैं तो उसकी जांच पड़ताल, विश्वसनीयता और पौधों के नतीजों की जांच जरूर करें. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकारों को निजी नर्सरी संचालन और कमर्शियल पौधों की बिक्री को लेकर नई गाइडलाइन लानी चाहिए. ताकि, खेती करने के इरादे से हजारों-लाखों रुपये खर्च करके पौधे खरीदने वाले किसानों को ठगी से बचाया जा सके.

Share This Article