एग्रीवेट: जम्मू-कश्मीर के जम्मू बस स्टैंड पर खाद्य सुरक्षा विभाग (FDA) की टीम ने देर रात कार्रवाई करते हुए 850 किलो पनीर जब्त किया है. जब्त किए गए पनीर की कीमत करीब 1.70 लाख रुपये बताई गई है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि पनीर की यह खेप पंजाब से जम्मू लाई जा रही थी. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दस्तावेजों की जांच और मौके पर निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं पाईं.
खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक, पनीर जैसी जल्दी खराब होने वाली खाद्य सामग्री को निर्धारित तापमान पर रखना और उसका सुरक्षित परिवहन करना जरूरी है. निरीक्षण के दौरान जब्त की गई खेप के साथ तापमान नियंत्रित रखने के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले. इसके अलावा, खाद्य सामग्री पर जरूरी लेबलिंग से जुड़े नियमों का भी पालन नहीं किया जा रहा था.
किसान आत्महत्या मामले में गोरखपुर यूनिवर्सिटी के कुलपति की बढ़ी मुश्किलें, 4 के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज – एग्रीवेट
इन गड़बड़ियों को गंभीरता से लेते हुए जम्मू के उप खाद्य सुरक्षा आयुक्त (Deputy Commissioner Food Safety) की निगरानी में कार्रवाई करने वाली टीम ने पूरी खेप जब्त कर ली. विभाग ने बताया कि मामला खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और इसके तहत बनाए गए नियमों के उल्लंघन से जुड़ा है. फिलहाल यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है कि खेप के परिवहन के लिए कौन जिम्मेदार था और नियमों का उल्लंघन किन परिस्थितियों में हुआ.
FDA जम्मू-कश्मीर ने स्पष्ट किया है कि पनीर, मीट और मछली जैसे जल्दी खराब होने वाले खाद्य पदार्थों का परिवहन, भंडारण और रखरखाव निर्धारित तापमान पर करना अनिवार्य है. इनके पैकेट और खेप पर जरूरी लेबलिंग संबंधी नियमों का पालन भी करना होगा. विभाग के मुताबिक, नियमों का उल्लंघन करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.