करनाल में इस सीजन पराली जलाने के इतने मामले सामने आए, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी (एफआईआर)—जानें पूरा मामला – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: हरियाणा के करनाल जिले में धान कटाई के बाद पराली जलाने की घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है. इस साल जिले में पराली जलाने की कुल 25 शिकायतें सामने आई थीं. जांच के बाद इनमें से 11 मामलों में पराली जलाने की पुष्टि हुई. कृषि विभाग की ओर से संबंधित किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है और उनसे जुर्माना भी वसूला गया है.

जिन किसानों के खिलाफ पराली जलाने के मामले में एफआईआर दर्ज हुई है, उन्हें रेड एंट्री में रखा गया है. इसके चलते ये किसान अगले दो फसल सीजन तक अपनी उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर नहीं बेच सकेंगे. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पराली जलाने के मामलों में नियमों के अनुसार कार्रवाई की गई है.

करनाल के जिला उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि इस साल पिछले साल की तुलना में पराली जलाने की घटनाओं में कमी आई है. कृषि विभाग और जिला प्रशासन ने धान कटाई के दौरान किसानों को लगातार जागरूक किया. इसका सकारात्मक असर देखने को मिला और किसानों ने पराली प्रबंधन में प्रशासन का सहयोग किया.

उपायुक्त ने बताया कि पराली जलाने की घटनाओं को रोकने और किसानों को जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से 650 टीमें गठित की गई थीं. ये टीमें गांवों में जाकर किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक कर रही थीं. साथ ही पराली जलाने की संभावित घटनाओं पर भी नजर रख रही थीं.

डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से पराली प्रबंधन के लिए दी जा रही सब्सिडी का भी बड़ी संख्या में किसानों ने लाभ उठाया. किसानों ने फसल अवशेषों को जलाने के बजाय उनके प्रबंधन को प्राथमिकता दी. उन्होंने कहा कि इस बार किसानों ने पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी को समझा और जिला प्रशासन का सहयोग किया.

जिला उपायुक्त ने बताया कि पराली जलाने के 11 मामलों में किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. इसके अलावा पर्यावरण प्रदूषण फैलाने के एक अन्य मामले में भी एक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है. प्रशासन का उद्देश्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ लोगों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाना है.

Share This Article