किसान आत्महत्या मामले में गोरखपुर यूनिवर्सिटी के कुलपति की बढ़ी मुश्किलें, 4 के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में जमीन विवाद से जुड़ा एक मामला सामने आया है. यहां 55 वर्षीय किसान भगवान सिंह की कथित आत्महत्या के बाद गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कृष्ण पाल सिंह (केपी सिंह) समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई है. पुलिस के मुताबिक, भगवान सिंह ने 20 नवंबर को पचपेड़ा गांव में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था. इसके बाद उनकी मौत हो गई थी.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक के बेटे भगत सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है. प्राथमिकी (एफआईआर) में गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कृष्ण पाल सिंह, उनकी पत्नी संजेश, संजीव कुमार राठी और अनुज कुमार के नाम शामिल हैं. इनके अलावा कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की आत्महत्या के लिए उकसाने, धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.

भगवान सिंह के बेटे भगत सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके पिता ने वर्ष 1995 में गांव में कृषि भूमि खरीदी थी. परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने राजस्व और चकबंदी विभाग के अधिकारियों के साथ कथित मिलीभगत कर जमीन से जुड़े आदेश अपने पक्ष में करवाए. शिकायत में फर्जी बिक्री विलेख (बैनामा) तैयार कराकर जमीन पर कब्जा करने का भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गया है.

परिवार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भगवान सिंह को जमीन से बेदखल करने और झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकियां दी जा रही थीं. इससे वह मानसिक रूप से परेशान थे. पुलिस के मुताबिक, किसान ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने के बाद अपने बयान में आरोपियों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था. यह भी दावा किया गया है कि उन्होंने एक सुसाइड नोट लिखा था.

भगवान सिंह की मौत के बाद परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई, विवादित जमीन वापस दिलाने और मुआवजे की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था. रविवार को एफआईआर दर्ज होने के बाद परिवार अंतिम संस्कार के लिए राजी हुआ. इसके बाद मृतक का अंतिम संस्कार किया गया.

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी. इसे देखते हुए बहेड़ी, पचपेड़ा गांव और स्थानीय गुरुद्वारे में पुलिसकर्मियों के साथ प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) की तैनाती की गई. जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. SSP अनुराग आर्य ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस इसकी जांच कर रही है. फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है. (पीटीआई)

Share This Article