कश्मीर के पंपोर में केसर के खेतों पर कचरे का खतरा, अवैध डंपिंग की जांच करेगा NGT का पैनल—जानें पूरा मामला – एग्रीवेट

Team Agrivate
8 Min Read

एग्रीवेट: जम्मू-कश्मीर के पंपोर में केसर की खेती पर कचरे से होने वाले प्रदूषण का खतरा मंडरा रहा है. यहां केसर के खेतों के आसपास कथित तौर पर अवैध तरीके से ठोस और प्लास्टिक कचरा फेंके जाने के मामले में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने जांच के आदेश दिए हैं. ट्रिब्यूनल ने इस मामले की पड़ताल के लिए एक संयुक्त समिति गठित की है, जो कचरा डंपिंग से पर्यावरण और कृषि क्षेत्र को हो रहे नुकसान का आकलन करेगी.

NGT के अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव और विशेषज्ञ सदस्य अफरोज अहमद की पीठ ने समिति को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में पंपोर क्षेत्र के पाटलबाग (संबूरा) स्थित कचरा डंपिंग स्थल का निरीक्षण करने का निर्देश दिया है. समिति को अपनी रिपोर्ट आठ सप्ताह के भीतर सौंपनी होगी. इस मामले में अगली सुनवाई 3 फरवरी 2027 को निर्धारित की गई है.

इस मामले में राजा मुजफ्फर भट और अन्य आवेदकों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि है कि पंपोर नगर समिति (Municipal Committee) की ओर से निर्धारित नियमों का पालन किए बिना ठोस और प्लास्टिक कचरा डंप किया जा रहा है. उनका कहना है कि कचरे से निकलने वाला दूषित तरल पदार्थ (लीचेट) जमीन में रिसकर भूमिगत जलस्रोतों को प्रदूषित कर सकता है. इसके अलावा, जल निकासी नालों के माध्यम से यह प्रदूषण झेलम नदी तक पहुंचने की आशंका है, जो डंपिंग स्थल से एक किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित है.

आवेदकों ने ट्रिब्यूनल को बताया कि यह क्षेत्र केसर उत्पादन के लिए संभावित क्षेत्र के रूप में अधिसूचित है. इसका उल्लेख केसर अधिनियम, 2007 की धारा 3(1) के तहत किया गया है. आरोप है कि कचरे के जमाव और उससे फैलने वाले प्रदूषण का आसपास के केसर उत्पादकों की फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है.

इसके अलावा, कचरे के कारण दुर्गंध फैलने, चूहों और आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ने तथा सतही जल के दूषित होने की शिकायत भी की गई है. आवेदकों ने यह भी आशंका जताई कि चूहे और साही जैसे जीव केसर और बागवानी फसलों को नुकसान पहुंचा सकते हैं.

आवेदकों ने जम्मू-कश्मीर प्रदूषण नियंत्रण समिति (PCC) की निरीक्षण रिपोर्ट का हवाला देते हुए कचरा प्रबंधन केंद्र में कई गंभीर कमियों की ओर ध्यान दिलाया. रिपोर्ट के अनुसार, पाटलीबाग-गलांदर स्थित ठोस कचरा प्रबंधन केंद्र और उसके मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) में बिना छंटाई और उपचार वाला पुराना कचरा जमा मिला था. इसमें घरेलू जैविक कचरे के साथ सिंगल यूज प्लास्टिक और पैकेजिंग सामग्री भी शामिल थी. केंद्र के आसपास और उससे सटे केसर के खेतों में भी प्लास्टिक कचरा बिखरा हुआ पाया गया.

निरीक्षण रिपोर्ट में कचरा प्रबंधन केंद्र पर चूहों और आवारा कुत्तों की मौजूदगी का भी उल्लेख किया गया. इसके अलावा, कचरे से निकलने वाले लीचेट के प्रबंधन और उपचार की उचित व्यवस्था नहीं मिली. रिपोर्ट में वैज्ञानिक तरीके से कचरे के प्रसंस्करण, दबाव देकर संपीड़ित करने, मिट्टी की परत बिछाने और सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था में भी कमियां बताई गईं. आवेदकों ने यह सवाल भी उठाया कि संबंधित डंपिंग स्थल को सक्षम अधिकारियों से जरूरी वैधानिक मंजूरियां मिली हैं या नहीं.

NGT की ओर से गठित संयुक्त समिति में जम्मू-कश्मीर प्रदूषण नियंत्रण समिति के सदस्य सचिव, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के चंडीगढ़ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी, शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (SKUAST-K) के कुलपति की ओर से नामित विशेषज्ञ और पुलवामा के उपायुक्त शामिल होंगे. इस समिति के समन्वय की जिम्मेदारी पुलवामा के उपायुक्त को सौंपी गई है.

समिति को डंपिंग स्थल पर जमा नगर निकाय और प्लास्टिक कचरे की मात्रा तथा उसके फैलाव का आकलन करना होगा. इसके साथ ही यह भी जांचा जाएगा कि कचरा डंपिंग स्थल और मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी को जरूरी सरकारी मंजूरियां मिली हैं या नहीं. समिति आसपास की कृषि भूमि पर कचरे के प्रभाव का अध्ययन करेगी, जिसमें केसर की खेती को होने वाले संभावित नुकसान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

ट्रिब्यूनल ने शिकायतों और प्रदूषण नियंत्रण समिति की निरीक्षण रिपोर्ट को ध्यान में रखते हुए माना कि इस मामले में पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन से जुड़े महत्वपूर्ण सवाल उठते हैं. इसके बाद NGT ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए हैं. आवेदकों ने केसर उत्पादकों को कथित तौर पर हुए नुकसान के लिए पर्यावरणीय मुआवजा देने की मांग भी की है. (पीटीआई)

Share This Article