एग्रीवेट: 21 नवंबर 2026, गुना: गुना: किसान प्रद्युम्न मीना का अनूठा नवाचार, खुद बनाया ड्रिप-मल्चिंग यंत्र, 60 दिन में तैयार कर रहे प्याज की फसल – मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को गुना जिले के चांचौड़ा के ग्राम जस्तखेड़ी में प्रगतिशील किसान प्रद्युम्न मीना के कृषि प्रक्षेत्र का कलेक्टर किशोर कन्याल ने भ्रमण कर आधुनिक एवं नवाचार आधारित खेती का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने किसान द्वारा ड्रिप सिंचाई एवं मल्चिंग तकनीक अपनाकर की जा रही सब्जियों की खेती तथा स्वयं के प्रयासों से विकसित कृषि यंत्र का प्रदर्शन देखा।
किसान मीना द्वारा टमाटर, मिर्च एवं प्याज की उन्नत खेती की जा रही है। उनके खेत में प्याज उत्पादन की एक विशेष तकनीक आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें बीज के स्थान पर प्याज के छोटे कंद (बल्ब) लगाकर लगभग 60 दिनों में फसल प्राप्त की जाती है। सामान्यतः बीज से प्याज की फसल तैयार होने में 120 से 130 दिन लगते हैं, जबकि कंद से रोपण करने पर लगभग दो माह में प्याज प्राप्त हो जाता है। कलेक्टर ने इस तकनीक की जानकारी लेते हुए इसके व्यावहारिक पहलुओं का अवलोकन किया।
रायसेन: गैरतगंज मंडी में 55.71 लाख रुपये की लागत से बने कृषक संगोष्ठी भवन का विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने किया लोकार्पण – एग्रीवेट
भ्रमण के दौरान किसान का तकनीकी नवाचार भी विशेष चर्चा का विषय रहा। श्री मीना ने अपने अनुभव एवं प्रयासों से ट्रैक्टर चलित ऐसा यंत्र तैयार किया है, जिसकी सहायता से खेत में बेड निर्माण के साथ ड्रिप लाइन एवं मल्चिंग शीट बिछाने का कार्य तेजी से किया जा सकता है। इस यंत्र के प्रदर्शन को कलेक्टर ने देखा और इसकी कार्यप्रणाली की सराहना की। इससे कम समय में अधिक क्षेत्र में बेड तैयार करने तथा ड्रिप एवं मल्चिंग बिछाने में सुविधा मिलती है। साथ ही श्रम, समय एवं लागत की बचत होती है।
किसान ने कृषि के साथ पशुपालन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय पहल की है। उन्होंने लगभग 75 हजार रुपये में अयोध्या से साहीवाल नस्ल की उन्नत गाय क्रय की है, जो प्रतिदिन दो बार के दुग्ध उत्पादन में कुल लगभग 16 लीटर दूध देती है। किसान का चयन पशुपालन विभाग की डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना अंतर्गत भी हुआ है, जिसके तहत उनके द्वारा 25 गायों की क्षमता वाली डेयरी स्थापित करने की तैयारी की जा रही है।
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने किसान द्वारा पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक, स्वयं के नवाचार एवं पशुपालन को जोड़कर अपनाए जा रहे एकीकृत कृषि मॉडल का अवलोकन किया। इस प्रकार की पहल जिले के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायक है। ड्रिप एवं मल्चिंग जैसी तकनीकों से जल एवं श्रम की बचत के साथ गुणवत्तापूर्ण उत्पादन को बढ़ावा मिल सकता है। वहीं कृषि के साथ पशुपालन अपनाकर किसान अपनी आय के विविध स्रोत विकसित कर सकते हैं। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत अभिषेक दुबे,एसडीएम चांचौडा अमित सोनी, उपंसचालक कृषि संजीव शर्मा, उपसंचालक उद्यानिकी केपीएस किरारसहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।