एग्रीवेट: मध्य प्रदेश में केला की खेती करने वाले किसान अब हल्दी की खेती की ओर मुड़ रहे हैं. क्योंकि, हल्दी की खेती का 22 फीसदी रकबा बढ़ा है और यह केला की खेती वाला रकबा है, जिसमें हल्दी की बुवाई की गई है. हल्दी की खेती ओर किसानों की दिलचस्पी बढ़ने की प्रमुख वजह सब्सिडी योजना है और दूसरा कारण बाजार में अच्छा भाव मिलना भी है. राज्य सरकार किसानों को 70 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर तक का अनुदान किसानों को दे रही है.
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिला उद्यानिकी विभाग के अनुसार हल्दी की खेती का रकबा इस बार तेजी से बढ़ा है. किसानों का रुझान हल्दी की तरफ आने की वजह से बुवाई क्षेत्रफल में इजाफा हो रहा है. जो किसान पहले केला की खेती करते थे वे केला उत्पादन की चुनौतियों से परेशान होकर अब हल्दी की खेती का विकल्प अपना चुके हैं. कहा गया है कि केला की तुलना में हल्दी की खेती में फसल नुकसान कम होता है और लंबे समय तक किसान अच्छी कीमत के इंतजार में इसे केला की तुलना में ज्यादा दिन स्टोर भी कर पाते है्ं.
कैलाश यादव की पहल बनी किसानों के लिए मिसाल, रोजेल की खेती से कम लागत में लाखों कमाने का मौका – एग्रीवेट
बुरहान जिले समेत राज्य के अन्य इलाकों में भी किसान हल्दी की खेती की ओर बढ़े हैं. किसान अब पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर हल्दी उत्पादन को अपनी कमाई का जरिया बना रहे हैं. लगातार प्राकृतिक आपदाओं और फसल बीमा की समस्याओं से परेशान केला उत्पादक किसान अब हल्दी को बेहतर विकल्प मान रहे हैं. जिले में हल्दी की खेती का रकबा पिछले साल की तुलना में 22 फीसदी बढ़ गया है. उद्यानिकी विभाग के अनुसार पिछले साल जहां 1800 हेक्टेयर में हल्दी की खेती हुई थी, वहीं इस साल इसका रकबा बढ़कर करीब 2200 हेक्टेयर तक पहुंच गया है.
विभाग किसानों को हल्दी उत्पादन के लिए अनुदान भी दे रहा है. सामान्य वर्ग के किसानों को 50 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर अनुदान राशि दी जा रही है. जबकि, अनुसूचित जाति-जनजाति के किसानों को 70 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर अनुदान दिया जा रहा है. इसके अलावा फसल नुकसान से बचाने के लिए बीमा का लाभ भी दिया जा रहा है. जबकि, कीमत पहले से ही बाजार में किसानों को ज्यादा मिल रही है. ऐसे में किसानों के सामने हल्दी केला की तुलना में खेती के लिए ज्यादा बेहतर विकल्प बनकर उभरी है.
जिले के ग्राम लोनी में हल्दी की खेती कर रहे किसान संदीप रावल ने कहा कि हल्दी की खेती किसानों के लिए इसलिए भी आकर्षक बन रही है, क्योंकि इसकी फसल केले के मुकाबले कम अवधि में तैयार हो जाती है. हल्दी की किस्म के अनुसार फसल को तैयार होने में करीब 7 से 9 महीने का समय लगता है. किसान इसकी कच्ची और सूखी दोनों तरह की उपज बेच सकते हैं. उन्होंने कहा कि बुरहानपुर में अब स्थानीय स्तर पर भी हल्दी की खरीद बढ़ रही है और दूसरे क्षेत्रों के व्यापारी किसानों से सीधे उपज खरीदने पहुंच रहे हैं. इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर की मंडियों तक ले जाने का खर्च बचाने में मदद मिल रही है.
किसान हेमंत पाटील ने कहा कि हल्दी की खेती में बेहतर उत्पादन हासिल किया जा रहा है. इसके लिए कृषि विशेषज्ञों की सलाह के तहत खेती की जा रही है. अच्छी जल निकासी वाली दोमट मिट्टी इसकी खेती के लिए उपयुक्त रहती है. कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार बुवाई के लिए स्वस्थ और रोगमुक्त हल्दी के बीज यानी प्रकंद का चयन किया जाता है. फसल में समय-समय पर निराई-गुड़ाई, मिट्टी चढ़ाने और जरूरत के अनुसार सिंचाई करने से बेहतर विकास होता है. खेत में पानी भरने से प्रकंद सड़ने और बीमारियां लगने का खतरा रहता है, इसलिए जल निकासी की उचित व्यवस्था किसानों ने कर रखी है.
किसानों ने केला की बजाय हल्दी की खेती और प्रॉसेसिंग शुरू की है.
हल्दी की खेती का रकबा बढ़ने के साथ जिले में इसके प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं. किसान कच्ची हल्दी बेचने के अलावा उसकी सफाई, उबालने, सुखाने और पॉलिशिंग के बाद पाउडर बनाकर बाजार में बेच सकते हैं. इससे उपज की गुणवत्ता बेहतर करने और अधिक मूल्य प्राप्त करने के अवसर मिल सकते हैं. बुरहानपुर में पहले से केला और हल्दी आधारित कारोबार की संभावनाओं को देखते हुए प्रसंस्करण इकाइयों, भंडारण सुविधाओं और मजबूत बाजार नेटवर्क का विकास किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.