रबी सीजन में खाद-बीज की किल्लत नहीं होने देगी सरकार, यूपी में यूरिया-DAP का पर्याप्त स्टॉक – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: Rabi Season: रबी फसलों की बुवाई के बीच किसानों को खाद और प्रमाणित बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने तैयारी तेज कर दी है. उत्तर प्रदेश में कृषि विभाग ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को जरूरत के मुताबिक समय पर उर्वरक और उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराए जाएं. वहीं, खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी और निर्धारित कीमत से अधिक वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है. श्रावस्ती जिले के कृषि विभाग के मुताबिक, जिले में यूरिया, डीएपी और एनपीके का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है. इसके साथ ही खाद वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पीओएस मशीन और फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर बिक्री अनिवार्य की गई है.

रबी सीजन 2026-27 में गेहूं, सरसों, चना और दूसरी फसलों  की बुवाई तेजी से चल रही है. ऐसे में किसानों को समय पर खाद और बीज मिलना बेहद जरूरी है. इसी को ध्यान में रखते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बीज उपलब्धता और उर्वरक वितरण की समीक्षा बैठक की. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीज और पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराए जाएं. इसके साथ ही विभागीय योजनाओं के बजट खर्च में तेजी लाने और खाद की कालाबाजारी तथा ओवररेटिंग करने वालों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई जारी रखने को कहा गया.

समीक्षा बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की बजट प्रगति की जानकारी भी दी गई. अधिकारियों के मुताबिक, 16 नवंबर 2026 तक कुल 10,017.45 करोड़ रुपये के बजट प्रावधान के मुकाबले 6,285.98 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी की जा चुकी है. यह कुल बजट का 62.75 प्रतिशत है. वहीं, स्वीकृत धनराशि में से 3,868.82 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं. यह स्वीकृत बजट का 61.55 प्रतिशत है. सरकार का जोर कृषि विभाग की योजनाओं  को तेजी से जमीन पर उतारने और किसानों को उनका लाभ समय पर पहुंचाने पर है.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, श्रावस्ती के जिला कृषि अधिकारी डॉ. उमेश कुमार गुप्ता के मुताबिक, जिले में किसानों की मांग के अनुसार पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध  है. नवंबर महीने में यूरिया का लक्ष्य 5,250 मीट्रिक टन था, जबकि उपलब्धता 20,500 मीट्रिक टन दर्ज की गई. इसमें से 2,662 मीट्रिक टन का वितरण किया जा चुका है. इसी तरह डीएपी का लक्ष्य 3,997 मीट्रिक टन के मुकाबले उपलब्धता 6,838 मीट्रिक टन रही और 3,145 मीट्रिक टन का वितरण किया गया. एनपीके का लक्ष्य 2,121 मीट्रिक टन था, जबकि उपलब्धता 2,447 मीट्रिक टन रही. इसमें से 805 मीट्रिक टन वितरित किया जा चुका है. जिला कृषि अधिकारी के अनुसार, जिले में वितरण के लिए अभी भी 17,837 मीट्रिक टन यूरिया, 3,692 मीट्रिक टन डीएपी, 1,642 मीट्रिक टन एनपीके और 4,121 मीट्रिक टन एसएसपी उपलब्ध है. सहकारिता क्षेत्र में भी यूरिया, डीएपी और एनपीके का पर्याप्त स्टॉक रखा गया है.

खाद वितरण में पारदर्शिता  बनाए रखने के लिए कृषि विभाग ने उर्वरक कंपनियों और विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए हैं. थोक और फुटकर विक्रेताओं को किसानों को निर्धारित सरकारी दर पर ही खाद बेचनी होगी. इसके साथ ही उर्वरक के साथ किसी दूसरे अनावश्यक या अप्रचलित उत्पाद की टैगिंग करने पर भी रोक लगाई गई है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को खाद का वितरण पीओएस (POS) मशीन के माध्यम से फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर और फसल की जरूरत के मुताबिक किया जाए. बिना पीओएस मशीन के खाद बेचने की अनुमति नहीं होगी. नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

Share This Article