एग्रीवेट: 19 नवंबर 2026, नई दिल्ली: भारत का बागवानी उत्पादन 2025-26 में रिकॉर्ड 386.92 मिलियन टन तक पहुंचने का अनुमान – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को देश में बागवानी फसलों के क्षेत्रफल और उत्पादन के तीसरे अग्रिम अनुमान जारी किए। इसके अनुसार वर्ष 2025-26 में कुल बागवानी उत्पादन 4.36 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 386.92 मिलियन टन तक पहुंचने का अनुमान है। पिछले वर्ष 2024-25 में यह आंकड़ा 370.74 मिलियन टन था, यानी उत्पादन में करीब 16.18 मिलियन टन की बढ़ोतरी दर्ज होने का अनुमान है।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा जारी इन अनुमानों के मुताबिक, यह बढ़ोतरी तब हो रही है जब बागवानी फसलों के कुल रकबे में कमी आई है। वर्ष 2025-26 में बागवानी का कुल क्षेत्रफल घटकर 297.21 लाख हेक्टेयर रह गया, जबकि पिछले साल यह 301.36 लाख हेक्टेयर था। यानी करीब 4.15 लाख हेक्टेयर रकबा घटने के बावजूद उत्पादन में इजाफा हुआ है।
अमेरिका-जर्मनी समेत इन देशों में बढ़ी UP के फल-सब्जियों की डिमांड, 489 करोड़ तक पहुंचा निर्यात – एग्रीवेट
आंकड़े जारी करते हुए चौहान ने कहा कि यह बढ़ोतरी किसानों की मेहनत और सरकार की किसान-हितैषी नीतियों का नतीजा है। उन्होंने कहा कि बागवानी उत्पादन बढ़ने से देश की पोषण सुरक्षा मजबूत होगी और साथ ही किसानों की आय में भी वृद्धि होगी। मंत्री ने यह भी बताया कि किसान अब परंपरागत फसलों के साथ-साथ फल, सब्जी, फूल, मसाले, बागान फसलों और औषधीय-सुगंधित पौधों की खेती की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं, जिससे उनके लिए आय के नए रास्ते खुल रहे हैं।
फलों का उत्पादन 4.60 प्रतिशत बढ़कर 123.07 मिलियन टन रहने का अनुमान है, जो पिछले साल 117.65 मिलियन टन था। केला, आम, पपीता, सेब, अनार और कटहल के उत्पादन में बढ़ोतरी से यह इजाफा होने की उम्मीद है।
सब्जियों का उत्पादन भी 4.35 प्रतिशत बढ़कर 227.27 मिलियन टन तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि पिछले साल यह 217.80 मिलियन टन था। सब्जी की खेती का रकबा भी 117.91 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 119.31 लाख हेक्टेयर होने का अनुमान है।
आलू का उत्पादन सबसे ज्यादा 11.95 प्रतिशत बढ़कर 65.57 मिलियन टन तक पहुंचने का अनुमान है, जो पिछले साल 58.57 मिलियन टन था। टमाटर का उत्पादन 20.60 मिलियन टन से बढ़कर 21.41 मिलियन टन तक पहुंचने और प्याज का उत्पादन 28.90 मिलियन टन रहने का अनुमान है। बैंगन, लौकी, खीरा, पत्तागोभी, सेम और मटर के उत्पादन में भी बढ़ोतरी का अनुमान जताया गया है।
फूलों का उत्पादन सबसे तेज गति से, यानी 14.45 प्रतिशत बढ़कर 4.88 मिलियन टन तक पहुंचने का अनुमान है, जो पिछले साल 4.27 मिलियन टन था। फूलों की खेती का रकबा भी बढ़कर 4.10 लाख हेक्टेयर होने का अनुमान है।
सुपारी, नारियल, काजू, पान के पत्ते और कोको जैसी बागान फसलों का उत्पादन 7.56 प्रतिशत बढ़कर 18.26 मिलियन टन तक पहुंचने का अनुमान है। औषधीय एवं सुगंधित पौधों का उत्पादन भी 0.90 मिलियन टन से बढ़कर 0.93 मिलियन टन तक पहुंचने की उम्मीद है।
सुपारी एवं मसाला विकास निदेशालय के अनुसार, 2025-26 में मसालों की खेती का कुल रकबा 47.56 लाख हेक्टेयर और उत्पादन 12.35 मिलियन टन रहने का अनुमान है। हल्दी, लहसुन, करी पत्ता और इलायची के उत्पादन में सुधार से मसाला क्षेत्र को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
तीसरा अग्रिम अनुमान कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और अन्य सरकारी एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर तैयार किया है। यह आंकड़े बताते हैं कि रकबा घटने के बावजूद बागवानी उत्पादकता में सुधार हो रहा है।