एग्रीवेट: देश में गरीबी कम करने और लोगों की आर्थिक स्थिति सुधारने में ग्रामीण महिलाओं की भूमिका अहम रही है. भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के महानिदेशक एम.एल. जाट ने विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 12-13 वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं. इस उपलब्धि में खेती और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं का बड़ा योगदान रहा है. उन्होंने कहा कि अब कृषि क्षेत्र में महिलाओं को केवल खेतों में मेहनत करने तक सीमित रखने के बजाय उन्हें नई तकनीक, प्रोसेसिंग और मार्केटिंग से जोड़ने की जरूरत है.
एम.एल. जाट गुरुवार को सेंट्रल इंस्टीट्यूट फॉर विमेन इन एग्रीकल्चर (CIWA) की ओर से आयोजित ईस्ट जोन रीजनल एग्रीकल्चर फेयर में वर्चुअल माध्यम से महिला सशक्तिकरण पर अपनी बात रख रहे थे. उन्होंने कहा कि ICAR का मुख्य फोकस महिला सशक्तिकरण और कृषि क्षेत्र में नए नवाचारों को बढ़ावा देना है.
22 करोड़ रुपये का PDS चावल खुले बाजार में बेचा, मिल मालिक समेत 3 गिरफ्तार, इस बड़े खुलासे से मचा हड़कंप – एग्रीवेट
एम.एल. जाट ने कहा कि ग्रामीण और कृषि पृष्ठभूमि वाली महिलाओं ने देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. उन्होंने कहा कि महिलाओं की मेहनत और भागीदारी को पहचानने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के नए अवसर भी देने चाहिए. उन्होंने बताया कि ICAR कृषि क्षेत्र में महिलाओं से जुड़े शोध पर काम कर रहा है. इसके लिए शोध में मौजूद कमियों की पहचान की जा रही है, ताकि महिलाओं की जरूरतों के हिसाब से नई तकनीक और सुविधाएं विकसित की जा सकें. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इस दिशा में पहल को आगे बढ़ाने पर जोर दिया है.
एम.एल.जाट ने कहा कि खेती में महिलाओं को अक्सर कठिन शारीरिक काम करना पड़ता है. अब जरूरत है कि उन्हें ऐसी तकनीक और प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे उनका काम आसान हो और वे कृषि से जुड़े दूसरे कामों में भी आगे बढ़ सकें. उन्होंने कहा कि महिलाओं को कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग से जोड़ना जरूरी है. इससे उनकी आमदनी बढ़ सकती है और वे कृषि-खाद्य मूल्य श्रृंखला का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकती हैं. इसके लिए कौशल विकास और नई तकनीक का प्रशिक्षण भी जरूरी है.
उन्होंने ओडिशा के ‘मिशन शक्ति’ का उदाहरण देते हुए कहा कि इस तरह की पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मदद कर सकती हैं. सरकार और समाज को मिलकर कृषि और ग्रामीण आजीविका में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए काम करना चाहिए.
इस कार्यक्रम में पड़ोसी द्वीपीय देशों की महिला प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया. एम.एल. जाट ने कहा कि अलग-अलग देशों की महिलाओं के बीच अनुभव और विचारों का आदान-प्रदान होना चाहिए. उन्होंने महिला किसानों से अपील की कि वे खेती से जुड़ी अपनी समस्याएं और शोध संबंधी सुझाव ICAR तक पहुंचाएं. उनके मुताबिक, जमीन पर काम करने वाले किसानों से मिलने वाले सुझावों के आधार पर कृषि शोध को बेहतर बनाया जा सकता है. ICAR-CIWA की निदेशक मृदुला देवी ने कहा कि यह तीन दिवसीय क्षेत्रीय कृषि मेला केवल कृषि उत्पादों और तकनीकों को दिखाने का मंच नहीं है, बल्कि महिला किसानों की मेहनत और योगदान को सम्मान देने का भी अवसर है. उन्होंने इसे ‘सशक्तिकरण उत्सव’ बताया.
मेले में महिलाओं के काम को आसान बनाने वाली पैडल से चलने वाली नारियल छीलने की मशीन का भी प्रदर्शन किया गया. ओडिशा कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति पी.के. राउल ने कहा कि महिला किसान सिर्फ खेती में मदद नहीं करतीं, बल्कि कृषि व्यवस्था को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. कार्यक्रम में ओडिशा सरकार के कृषि विभाग के अधिकारी और ICAR के वरिष्ठ वैज्ञानिक भी मौजूद रहे. (PTI)