कहीं कोहरा तो कहीं बर्फबारी की संभावना, दिल्ली से यूपी-बिहार तक कैसा रहेगा मौसम? – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: Aaj Ka Mausam: उत्तर भारत में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है. दिन में धूप निकलने से मौसम सुहावना रहता है, लेकिन शाम होते ही ठंडक बढ़ने लगती है. आने वाले दिनों में भी लोगों को सुबह और रात के समय ठंड का एहसास होगा. मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है. दोनों राज्यों में मौसम ज्यादातर साफ और शुष्क बना रहेगा. हालांकि, पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश, तेज हवाओं और बर्फबारी का दौर देखने को मिल सकता है.

वहीं, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश हो सकती है. दूसरी ओर, दक्षिण भारत में उत्तर-पूर्वी मॉनसून के कारण कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है. ऐसे में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग-अलग रूप देखने को मिलेगा.

दिल्ली-NCR में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है. मौसम शुष्क रहने के साथ तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस होगी. साथ ही दिन में धुंध छाई रह सकती है. हालांकि, राजधानी के लोगों के लिए प्रदूषण बड़ी परेशानी बना हुआ है. उत्तर प्रदेश में भी ज्यादातर जिलों में शनिवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. दिन में हल्की धूप के साथ धुंध छाई रह सकती है. सुबह कुछ इलाकों में हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है.

बिहार में आज मौसम शुष्क रहने के आसार हैं. सुबह हल्के से मध्यम कोहरे और धुंध का असर दिख सकता है, जबकि दिन में धूप निकलने से तापमान 30 डिग्री तक पहुंच सकता है. बारिश को लेकर फिलहाल कोई अलर्ट नहीं है.

पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम बदल गया है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान कश्मीर के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है. गुलमर्ग और सोनमर्ग समेत कई जगहों पर रात के समय बर्फबारी हुई है. इसके अलावा गुरेज, कुपवाड़ा के ऊपरी इलाकों, जोजिला दर्रे और दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले से गुजरने वाले मुगल रोड पर भी बर्फ गिरने की खबर है.

हिमाचल प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई दे सकता है. कुल्लू, शिमला, चंबा, कांगड़ा और मंडी में तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है. अगले 24 घंटों के दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के आसार हैं. हालांकि, 15 से 21 नवंबर के बीच राज्य में मौसम ज्यादातर शुष्क रहने की संभावना जताई गई है.

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाने और कुछ जगहों पर बारिश की संभावना है. ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है.

कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है. समुद्र के आसपास तेज हवाएं भी चल सकती हैं. ऐसे में मछुआरों और समुद्र में जाने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है. कुल मिलाकर, आने वाले दिनों में पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड और दक्षिण भारत में बारिश का असर देखने को मिल सकता है.

Share This Article