रबी सीजन में बिजली की टेंशन होगी कम, मध्यप्रदेश को मिला 250 मेगावाट अतिरिक्त पावर कोटा—देखें क्या है पूरा सच – एग्रीवेट

Team Agrivate
4 Min Read

एग्रीवेट: 04 नवंबर 2026, भोपाल:रबी सीजन में बिजली की टेंशन होगी कम, मध्यप्रदेश को मिला 250 मेगावाट अतिरिक्त पावर कोटा – मध्यप्रदेश में रबी सीजन के दौरान विद्युत की बढ़ती मांग एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के प्रयासों से केंद्र सरकार द्वारा मध्यप्रदेश को ईस्टर्न रीजन अनअलोकेटेड पावर पूल (Eastern Region Unallocated Power Pool) से 250 मेगावाट विद्युत आवंटित की गई है। यह बिजली NTPC के माध्यम से मध्यप्रदेश को उपलब्ध कराई जाएगी तथा इसका आवंटन तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा।

रबी सीजन में कृषि कार्यों एवं अन्य उपभोक्ताओं की विद्युत आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह आवंटन प्रदेश में विद्युत मांग एवं उपलब्धता के बीच संतुलन बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे प्रदेश की विद्युत व्यवस्था को अतिरिक्त संबल मिलेगा तथा मांग के अनुरूप विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में सहायता प्राप्त होगी। उल्लेखनीय है कि उक्त विद्युत लगभग ₹4.50  प्रति यूनिट की किफायती दर पर उपलब्ध होगी। इससे प्रदेश को प्रतिस्पर्धात्मक दरों पर अतिरिक्त विद्युत प्राप्त करने में मदद मिलेगी तथा विद्युत क्रय की लागत को नियंत्रित रखने के प्रयासों को भी बल मिलेगा।

भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय द्वारा इस संबंध में केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) को आवश्यक कार्यवाही करते हुए आवंटन को तत्काल प्रभाव से लागू करने तथा संबंधित पक्षों को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं। आवंटित विद्युत के उपयोग हेतु आवश्यक विद्युत क्रय अनुबंध (PPA) एवं अन्य वाणिज्यिक औपचारिकताएं नियमानुसार पूरी की जाएंगी।

मध्यप्रदेश शासन प्रदेश के सभी श्रेणी के विद्युत उपभोक्ताओं को मांग के अनुरूप विश्वसनीय एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। रबी सीजन में NTPC के माध्यम से 250 मेगावाट अतिरिक्त विद्युत की उपलब्धता इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Share This Article