महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित किसानों को दिवाली से पहले मिलेंगे 5-5 हजार रुपये, मुख्यमंत्री फडणवीस का ऐलान – एग्रीवेट

Team Agrivate
4 Min Read
महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित किसानों को दिवाली से पहले मिलेंगे 5-5 हजार रुपये, मुख्यमंत्री फडणवीस का ऐलान - एग्रीवेट - महाराष्ट्र सूखा प्रभावित

एग्रीवेट: महाराष्ट्र सरकार ने सूखा प्रभावित किसानों को दिवाली से पहले 5,000 रुपये की अंतरिम आर्थिक मदद देने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि केंद्र सरकार से दिवाली से पहले सहायता मिलने की उम्मीद नहीं है. यह फैसला राज्य में सूखे की स्थिति को देखते हुए लिया गया है. वहीं, राज्‍य सरकार ने 40 और तालुकों को सूखा प्रभावित सूची में शामिल किया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कैबिनेट की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी. इसके साथ ही राज्य में सूखा प्रभावित तालुकों की संख्या बढ़कर 305 हो गई है, जबकि महाराष्ट्र में कुल 358 तालुके हैं.

राज्य सरकार ने पिछले महीने बारिश की कमी के कारण 265 तालुकों को सूखा प्रभावित घोषित किया था. अब 40 और तालुकों को इस सूची में शामिल किया गया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अनुसार, इन तालुकों के किसान सूखा प्रभावित क्षेत्रों के लिए घोषित सरकारी सहायता का लाभ उठा सकेंगे.

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि महाराष्ट्र कैबिनेट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे करने पर उन्हें बधाई देने के लिए एक प्रस्ताव भी पारित किया. नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर 2001 से लगातार सरकार के प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में तीन कार्यकाल पूरे किए और इसके बाद तीन लोकसभा चुनाव जीतकर देश के प्रधानमंत्री बने. (इनपुट- मुस्‍तफा शेख)

Share This Article