एग्रीवेट: 19 नवंबर 2026, कांगड़ा: हिमाचल के कांगड़ा जिले में किसान कृपाल सिंह जैविक सब्जियों और डेयरी से कमा रहे ₹4 लाख सालाना मुनाफा – हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के छावनी गांव के किसान कृपाल सिंह ने जैविक खेती और डेयरी पालन को जोड़कर एक टिकाऊ आय का मॉडल खड़ा किया है। वह मटर, पत्तागोभी, टमाटर, धनिया और पालक जैसी सब्जियों के साथ-साथ नाशपाती और सेब के बाग भी जैविक तरीके से संभालते हैं, और इस पूरे मॉडल से उन्हें सालाना करीब 4 लाख रुपये तक का मुनाफा हो रहा है।
कृपाल सिंह ने सरकारी सब्सिडी की मदद से एक गाय खरीदी थी, जिसके गोबर और गोमूत्र से वह जीवामृत और घनजीवामृत जैसे जैविक खाद तैयार करते हैं। यह जैविक खाद वह अपने खेत में इस्तेमाल करने के साथ-साथ आसपास के अन्य किसानों को भी बेचते हैं, जिससे उन्हें एक अतिरिक्त आय का स्रोत मिल गया है।
पराली और पॉलिटिक्स के बीच शिवराज सिंह चौहान का बड़ा बयान, बोले- प्रदूषण के लिए किसान दोषी नहीं – एग्रीवेट
कृपाल सिंह कहते हैं, “मेरा लक्ष्य धरती मां को जहर-मुक्त बनाना और आवारा पशुओं को सहारा देना है। मेरे लिए यह दोनों काम पवित्र और मां जैसे हैं।” इसी सोच के साथ वह अपने खेत में आवारा गायों को भी शरण देते हैं।
डेयरी और सब्जी-फल की खेती को साथ जोड़ने के इस मॉडल ने कृपाल सिंह की आय को स्थिर और टिकाऊ बना दिया है। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक पहाड़ी इलाकों में सीमित जमीन के बावजूद जैविक सब्जी उत्पादन और पशुपालन को साथ जोड़कर किसान अपनी आय के कई जरिए बना सकते हैं, और साथ ही मिट्टी की सेहत भी बनाए रख सकते हैं।