राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार 2026 के विजेताओं की घोषणा, 26 नवंबर को पटना में होंगे सम्मानित – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: 21 नवंबर 2026, नई दिल्ली: राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार 2026 के विजेताओं की घोषणा, 26 नवंबर को पटना में होंगे सम्मानित – पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार (एनजीआरए) 2026 के विजेताओं की घोषणा कर दी है। देशी गोवंश की नस्लों के संरक्षण, विकास और संवर्धन के साथ-साथ डेयरी क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले डेयरी किसानों, सहकारी समितियों, दुग्ध उत्पादक कंपनियों, किसान उत्पादक संगठनों और कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियनों को इन पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।

पुरस्कार वितरण समारोह 26 नवंबर 2026 को बिहार की राजधानी पटना के मुरादपुर स्थित बापू सभागार में आयोजित राष्ट्रीय दुग्ध दिवस समारोह के अवसर पर होगा। इस अवसर पर मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करेंगे। समारोह में मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल भी उपस्थित रहेंगे।

केंद्र सरकार का पशुपालन एवं डेयरी विभाग स्वदेशी पशु नस्लों के संरक्षण और वैज्ञानिक तरीके से उनके विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसी उद्देश्य से दिसंबर 2014 में राष्ट्रीय गोकुल मिशन (आरजीएम) की शुरुआत की गई थी। इस मिशन के तहत देशी गोवंश की नस्लों के संरक्षण, विकास और संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले लोगों और संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार की शुरुआत की गई। इस पुरस्कार का उद्देश्य डेयरी क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले किसानों, संस्थाओं और कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियनों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और सम्मान प्रदान करना है।

राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार 2026 के तहत तीन प्रमुख श्रेणियों में विजेताओं का चयन किया गया है। इनमें देशी गाय और भैंस की नस्लों का पालन करने वाले सर्वश्रेष्ठ डेयरी किसान, सर्वश्रेष्ठ डेयरी सहकारी समिति (डीसीएस), दुग्ध उत्पादक कंपनी (एमपीसी) या डेयरी किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) तथा सर्वश्रेष्ठ कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन (एआईटी) शामिल हैं। इसके अलावा पूर्वोत्तर क्षेत्र और हिमालयी राज्यों के लिए विशेष पुरस्कार का भी प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य इन क्षेत्रों में डेयरी विकास से जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहित करना और स्थानीय स्तर पर पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना है।

वहीं, सर्वश्रेष्ठ कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन श्रेणी के विजेताओं को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा।

Share This Article