एग्रीवेट: 17 नवंबर 2026, कटनी: कटनी: कोल जनजाति के 10 परिवारों को नाव-जाल खरीदने के लिए मिलेंगे 20-20 हजार रुपये – कोल जनजाति के परिवारों को मत्स्य पालन से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में कोल जनजाति विकास अभिकरण योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत कटनी जिले के 10 पात्र हितग्राहियों को लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक चयनित हितग्राही को नाव और मछली पकड़ने का जाल खरीदने के लिए कुल 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसमें नाव के लिए 10 हजार और जाल के लिए 10 हजार रुपये का अनुदान शामिल है। सहायक संचालक मत्स्योद्योग श्री आशीष कुमार नायक ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का कोल जनजाति से होना और तालाब अथवा जलाशय का 10 वर्षीय मत्स्य पालन पट्टा धारक होना जरूरी है। इसके अलावा, जो हितग्राही पहले इस योजना का लाभ ले चुके हैं, वे दोबारा आवेदन के पात्र नहीं होंगे।
योजना के लिए इच्छुक पात्र व्यक्ति जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, समग्र आईडी, बैंक पासबुक, मत्स्य पालन पट्टा और दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ आवेदन कर सकते हैं। गरीबी रेखा का राशन कार्ड उपलब्ध होने पर उसकी प्रति भी संलग्न करनी होगी। सभी दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां निर्धारित आवेदन प्रारूप के साथ कार्यालय सहायक संचालक, मत्स्योद्योग, कटनी में जमा करनी होंगी।
गन्ना किसानों के 27.74 करोड़ बकाया भुगतान पर एक्शन, पंजाब सरकार ने चीनी मिल सील की – एग्रीवेट
योजना के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 23 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद शासन के प्रावधानों और निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पात्र हितग्राहियों का चयन किया जाएगा।