क्या आपकी रसोई की दालों में लग जाते हैं घुन और कीड़े? अपनाएं ये आसान घरेलू उपाय, महीनों तक सुरक्षित रहेंगी दालें – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: बारिश के नमी वाले मौसम में अगर आपकी रसोई में रखी दाल और अन्य अनाजों में घुन या कीड़े लग जाते हैं, तो परेशान बिल्कुल भी न हो कई बार दालों को सही तरीके से स्टोर नहीं करने पर यह समस्या दिखाई देना शुरु हो जाती है और अनाज खराब हो जाता है. ऐसे में इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए इन हैक्स का इस्तेमाल करके इससे निजात पा सकते हैं.

दाल स्टोर करने से पहले जरूर करें ये काम

दाल को सीधे बाजार से लाकर डिब्बे में भर देना सही तरीका नहीं है. स्टोरेज से पहले दाल को अच्छी तरह साफ कर लें और किसी साफ कपड़े या बड़ी ट्रे में फैलाकर कुछ घंटों के लिए सुखा लें.

अगर तेज धूप उपलब्ध हो तो दाल को करीब 2 से 4 घंटे धूप में सुखाया जा सकता है. इससे उसमें मौजूद अतिरिक्त नमी कम करने में मदद मिलती है. बारिश के दिनों में धूप न निकलने पर दाल को कढ़ाई में बहुत हल्की आंच पर कुछ देर सूखा सकते हैं. इसके बाद दाल को पूरी तरह ठंडा होने दें और तभी कंटेनर में भरें.

अगर आप दाल को सुरक्षित रखना चाहते हैं तो सबसे पहले सही कंटेनर का चुनाव करें. कोशिश करें कि दाल को कांच, स्टील या अच्छी क्वालिटी के एयरटाइट प्लास्टिक कंटेनर में ही स्टोर करें. साथ ही महिलाएं कंटेनर में दाल भरने से पहले यह जरूर देख लें कि वह पूरी तरह साफ और सूखा हुआ हो. डिब्बे में जरा-सी भी नमी रह गई तो लंबे समय तक रखी दाल में फंगस या कीड़े लगने का खतरा बढ़ सकता है.

दालों को स्टोर करने के लिए कई घरों में सूखी नीम की पत्तियों का इस्तेमाल पारंपरिक तौर पर किया जाता है. नीम में प्राकृतिक कीट-रोधी गुण पाए जाते हैं, इसलिए इसकी सूखी पत्तियां दालों में कीड़ों की समस्या को कम करने में मदद कर सकती हैं. ऐसे में करीब 1 किलो दाल के लिए कुछ पूरी तरह सूखी नीम की पत्तियां डिब्बे में रखी जा सकती हैं. ध्यान रखें कि पत्तियां बिल्कुल सूखी हों. गीली या नम पत्तियां दाल में अतिरिक्त नमी बढ़ा सकती हैं. ऐसे में समय-समय पर दाल और पत्तियों की स्थिति भी जांचते रहें और जरूरत के अनुसार पुरानी पत्तियों को बदल दें.

तेजपत्ता और लौंग का भी कर सकते हैं इस्तेमाल

दालों को कीड़ों से बचाने के लिए तेजपत्ता और लौंग जैसे सूखे मसालों का इस्तेमाल भी कुछ लोग घरेलू उपाय के तौर पर करते हैं. तेजपत्ते और लौंग की तेज गंध कीड़ों को दूर रखने में मदद कर सकती है. ऐसे में दाल के कंटेनर में कुछ सूखे तेजपत्ते या थोड़ी मात्रा में लौंग रखी जा सकती है. हालांकि, इन्हें डालने से पहले यह सुनिश्चित करें कि मसाले पूरी तरह सूखे हों और उनमें किसी तरह की नमी या फंगस न हो.

सूखी लाल मिर्च और लहसुन का घरेलू उपाय

दालों को स्टोर करने के लिए साबुत सूखी लाल मिर्च और लहसुन का इस्तेमाल भी कई घरों में किया जाता है. इनकी तेज गंध कीड़ों को दूर रखने में मदद कर सकती है. इसके अलावा, कुछ सूखी लाल मिर्च या 2-3 सूखी लहसुन की कलियां दाल के डिब्बे में रखी जा सकती हैं. लेकिन यहां भी सबसे जरूरी बात यही है कि इस्तेमाल की जाने वाली चीजें पूरी तरह सूखी हों.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *