एग्रीवेट: बिहार के समस्तीपुर में तीन दिवसीय कृषि मेले का आयोजन होने जा रहा है. खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और किसानों को नई कृषि पद्धतियों से रूबरू कराने के लिए समस्तीपुर स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में इस कृषि मेले का आयोजन किया जा रहा है. यह मेला 3 से 5 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगा. मेले में देश के 15 से अधिक राज्यों के करीब 50 हजार किसानों के पहुंचने की उम्मीद है. यहां किसानों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ड्रोन, रोबोटिक्स और डिजिटल खेती से जुड़ी तकनीकों की जानकारी दी जाएगी. इसके साथ ही पारंपरिक फसलों और मोटे अनाज की खेती को भी बढ़ावा दिया जाएगा.
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पुण्यव्रत सुविमलेंदु पांडेय ने बताया कि इस बार कृषि मेले में 15 से अधिक राज्यों के आईसीएआर संस्थानों, कृषि विश्वविद्यालयों, कृषि विज्ञान केंद्रों (KVK), किसान उत्पादक संगठनों (FPO) और कृषि स्टार्टअप्स के 175 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे. मेले में एआई, रोबोटिक्स, ड्रोन तकनीक, पॉलीहाउस और सूक्ष्म सिंचाई से जुड़े विशेष पवेलियन आकर्षण का केंद्र होंगे. किसानों को ड्रोन के जरिए खेतों में कीटनाशक और अन्य कृषि उत्पादों का छिड़काव करने की जानकारी भी दी जाएगी. इसके अलावा जलवायु के अनुकूल उन्नत बीजों की बिक्री और खेती की नई तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा.
मध्य प्रदेश के किसानों के लिए बड़े ऐलान: कृषि रोडमैप, 2 एग्रीकल्चर क्लस्टर… केंद्र ने मंजूर किए कई प्रस्ताव – एग्रीवेट
इस कृषि मेले में आधुनिक खेती के साथ पारंपरिक फसलों पर भी खास जोर रहेगा. किसानों को कोदो, मडुआ, ज्वार और बाजरा जैसी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा. इसके अलावा मखाना, शहद, औषधीय पौधों और श्रीअन्न (मिलेट्स) से बने प्रोडक्ट की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी. इसका उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ आमदनी बढ़ाने के नए विकल्पों की जानकारी देना है. मेले में कृषि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बैलगाड़ी की सवारी की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि शहरी लोग और युवा ग्रामीण जीवन और खेती की परंपराओं को करीब से समझ सकें.
विश्वविद्यालय के निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. रत्नेश झा ने बताया कि तीन दिवसीय मेले में हर दिन वैज्ञानिकों और किसानों के बीच सीधा संवाद यानी किसान गोष्ठी आयोजित की जाएगी. इसमें किसान अपनी समस्याएं वैज्ञानिकों के सामने रख सकेंगे और खेती से जुड़े सवालों के जवाब प्राप्त कर सकेंगे. 3 दिसंबर को कृषि शिक्षा दिवस और 5 दिसंबर को विश्व मृदा दिवस के अवसर पर विशेष तकनीकी सत्र आयोजित होंगे. मेले में केंद्रीय और राज्य सरकारों के कृषि मंत्रियों, सांसदों, कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और पद्मश्री पुरस्कार विजेताओं को भी आमंत्रित किया गया है.
दूर-दराज से आने वाले किसानों की सुविधा को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर में विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. दिसंबर की ठंड को ध्यान में रखते हुए किसानों के लिए रजाई और गद्दों के साथ फ्री शीतकालीन आवास की व्यवस्था की जाएगी. इसके अलावा शुद्ध पेयजल और मोबाइल शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. इन व्यवस्थाओं को पूरा करने के लिए विश्वविद्यालय की 23 समितियां काम कर रही हैं.
कुलपति डॉ. पी.एस. पांडेय ने बताया कि इस बार विश्वविद्यालय कृषि मेले को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रहा है. स्टॉल बुकिंग और अलग-अलग संस्थानों के साथ साझेदारी के जरिए राजस्व जुटाने की योजना है, ताकि मेले का पूरा खर्च विश्वविद्यालय के मूल बजट पर अतिरिक्त बोझ डाले बिना उठाया जा सके. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य आधुनिक कृषि तकनीकों को सीधे किसानों के खेतों तक पहुंचाना और उनकी आमदनी बढ़ाने में मदद करना है. मेले के दूसरे दिन किसानों को विश्वविद्यालय के शोध प्रक्षेत्रों का भ्रमण कराया जाएगा. वहीं, अंतिम दिन समापन समारोह में बेहतर काम करने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाएगा. (जहांगीर आलम की रिपोर्ट)