एग्रीवेट: 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार दौरे पर आ रहे हैं. वहीं, अपने कार्यक्रम के दौरान वे कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. इसी क्रम में वह पटना स्थित बाजार समिति परिसर को आम जनता को समर्पित करेंगे. कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बाजार समिति परिसर के निरीक्षण के दौरान यह जानकारी दी. इस दौरान मंत्री ने परिसर की व्यवस्थाओं, दुकानों की स्थिति, साफ-सफाई और रखरखाव का जायजा लिया. साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बाजार समिति परिसर में प्राकृतिक खेती से उत्पादित कृषि उत्पादों की बिक्री के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएं. इन स्टॉलों के आवंटन में प्राकृतिक खेती के उत्पादों की बिक्री करने वाले विक्रेताओं को प्राथमिकता दी जाए, ताकि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिलने के साथ उपभोक्ताओं को भी शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पाद उपलब्ध हो सकें. उन्होंने परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया. साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या का समाधान 24 घंटे के भीतर किया जाए.
22 करोड़ रुपये का PDS चावल खुले बाजार में बेचा, मिल मालिक समेत 3 गिरफ्तार, इस बड़े खुलासे से मचा हड़कंप – एग्रीवेट
कृषि मंत्री ने कहा कि बाजार समिति परिसर की दुकानों के आवंटन के लिए नई नियमावली तैयार की जा रही है. इसी नियमावली के अनुरूप पात्र और वास्तविक लाभार्थियों को दुकान आवंटित करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी. वहीं, उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी को बाजार समिति की सभी दुकानों का सर्वे करने और उनकी स्थिति की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने दुकानदारों और बाजार समिति से जुड़े अन्य लोगों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को जानने और उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा.
बिहार में मंडी व्यवस्था को खत्म हुए कई साल हो चुके हैं. वहीं, सरकार की ओर से बनाए गए बाजार समिति परिसर में बने नए भवन के जरिए क्या किसानों की स्थिति में सुधार आएगा, यह देखने वाली बात होगी. हालांकि, बाजार समिति परिसर का जीर्णोद्धार होने के बाद से लोगों को यह उम्मीद है कि किसानों के लिए यह नया परिसर आय और समृद्धि का मार्ग खोलेगा.