जंगल में उगने वाला सीताफल बना आदिवासी परिवारों की कमाई का जरिया, पल्‍प की बिक्री से बढ़ी इनकम – एग्रीवेट

Team Agrivate
9 Min Read

एग्रीवेट: राजस्थान के पाली जिले के बाली क्षेत्र में सिरोही से लेकर उदयपुर तक फैली पहाड़ियों में आदिवासी समुदाय की कई छोटी-छोटी बस्तियां हैं. यहां रहने वाले आदिवासी परिवार पीढ़ियों से जंगल में मिलने वाले फल-फूल इकट्ठा कर बेचने का काम करते आए हैं. इन्हीं में सीताफल भी शामिल है, जो प्राकृतिक रूप से पहाड़ियों और जंगलों में उगता है. इसका सीजन दिवाली से पहले शुरू होता है और दिवाली के बाद धीरे-धीरे खत्म हो जाता है.

पहले आदिवासी परिवार जंगलों से सीताफल तोड़कर सड़क किनारे बेचते थे. बाजार तक पहुंच और भंडारण की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें कई बार सीताफल औने-पौने दाम पर बेचना पड़ता था. जो फल समय पर नहीं बिक पाते थे, वे खराब होकर बर्बाद हो जाते थे. इससे परिवारों को सीताफल से नियमित आमदनी नहीं हो पाती थी. अब सीताफल के पल्प निकालने और उसे सुरक्षित रखने की व्यवस्था ने महिलाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोल दिए हैं.

इस बदलाव के पीछे मुकेश ओझा की पहल अहम है. उन्होंने आदिवासी महिलाओं को एकजुट कर सीताफल के पल्प से कमाई करने के बारे में समझाया. इसके बाद पहाड़ी इलाकों की अलग-अलग बस्तियों में चार से पांच कलेक्‍शन सेंटर बनाए गए.

इन केंद्रों पर आदिवासी परिवार जंगलों से सीताफल तोड़कर लाते हैं. एक कैरेट में करीब 20 किलो सीताफल रखा जाता है. दिनभर फल इकट्ठा होने के बाद मिनी ट्रक के जरिए इन्हें फूड फैक्ट्री तक पहुंचाया जाता है.

फैक्ट्री में लाए गए सीताफल को अखबार और बोरों से ढककर प्राकृतिक तरीके से पकाया जाता है. इसमें किसी तरह के केमिकल का इस्तेमाल नहीं किया जाता. फल पकने के बाद आदिवासी महिलाओं का समूह उनकी जांच और छंटाई करता है. इस दौरान पके हुए, कच्चे और खराब सीताफल को अलग-अलग किया जाता है. इसके बाद महिलाएं सिर पर कैप और हाथों में ग्लव्स पहनकर सीताफल को हाथों से तोड़ती हैं और उसका अंदर का गूदा यानी पल्प निकालती हैं.

सीताफल का बाहरी छिलका और अंदर का गूदा अलग करने के बाद बीज निकालने का काम किया जाता है. इसके लिए महिलाओं के अलग-अलग समूह बनाए गए हैं. कुछ महिलाएं फल तोड़कर गूदा निकालती हैं, जबकि दूसरी महिलाएं पल्प से बीज अलग करती हैं. इस तरह सीताफल के पल्प को तैयार करने की पूरी प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी रहती है. खास बात यह है कि ज्यादातर काम हाथों से किया जाता है. इससे स्थानीय महिलाओं को सीजन के दौरान रोजगार मिलता है.

बीज अलग होने के बाद सीताफल के पल्प को प्लास्टिक के टब में इकट्ठा किया जाता है. इसके बाद तौलकर उसकी पैकेजिंग की जाती है और उसे डीप फ्रीजर में जमने के लिए रखा जाता है. पल्प पूरी तरह जमने के बाद उसे सुरक्षित भंडारण में रख दिया जाता है. इस प्रक्रिया से तैयार सीताफल का पल्प करीब एक साल तक सुरक्षित रखा जा सकता है. मांग और ऑर्डर के अनुसार इसे बाहर भेजा जाता है. इस तरह सीताफल का सीमित सीजन होने के बावजूद उसके पल्प को लंबे समय तक बाजार में उपलब्ध कराया जा सकता है.

इस काम से आदिवासी महिलाओं की आमदनी के दो रास्ते बने हैं. परिवार के सदस्य जंगल से सीताफल तोड़कर लाते हैं, जिसके बदले उन्हें फल की खरीद का पैसा मिलता है. वहीं महिलाएं फैक्ट्री में पल्प निकालने, बीज अलग करने और पैकेजिंग का काम करके अलग से मेहनताना कमाती हैं. एक महिला को एक महीने में सिर्फ पल्प निकालने के काम से करीब 10 हजार रुपये से अधिक की कमाई हो सकती है. वहीं, सीताफल की बिक्री से होने वाली आमदनी इसमें अलग है.

सीताफल की एक खासियत यह भी है कि इसके प्रसंस्करण के दौरान निकलने वाला वेस्ट भी उपयोगी है. पल्प निकालने के बाद बचने वाले बाहरी आवरण का इस्तेमाल खाद बनाने में किया जा सकता है. वहीं, सीताफल के बीजों का इस्तेमाल जूं मारने वाले शैंपू में दवा के रूप में किया जाता है. इस तरह फल के अलग-अलग हिस्सों का इस्‍तेमाल होने से इसकी बर्बादी कम होती है और अतिरिक्त आर्थिक लाभ की संभावना भी बनती है.

सीताफल का पल्प प्राकृतिक फल से तैयार किया जाता है और इसकी मांग बड़ी होटलों में भी है. इसे लंबे समय तक सुरक्षित रखकर जरूरत के अनुसार इस्तेमाल किया जा सकता है. इस पूरी प्रक्रिया में मशीनों का इस्तेमाल मुख्य रूप से पैकेजिंग और भंडारण जैसे कामों में होता है, जबकि पल्प निकालने और बीज अलग करने का काम हाथों से किया जाता है. इससे स्थानीय स्तर पर ज्यादा महिलाओं को काम मिल रहा है.

बाली क्षेत्र में सीताफल के पल्प का यह काम आदिवासी परिवारों की पारंपरिक आजीविका को एक नए कारोबार से जोड़ रहा है. पहले जहां जंगल से तोड़े गए फल को बेचने तक ही कमाई सीमित थी, वहीं अब उसके प्रसंस्करण और पैकेजिंग से भी आय हो रही है. सीताफल की खरीद से लेकर पल्प तैयार करने तक आदिवासी परिवारों और महिलाओं की भागीदारी ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है.

Share This Article