सूखे में भी किसान ने बदली किस्मत! 4 एकड़ में अमरूद उगाकर कमाए 2.40 लाख रुपये—देखें क्या है पूरा सच – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: महाराष्ट्र के जालना जिले में इस साल सूखे जैसे हालात के चलते किसानों के सामने सिंचाई के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है. ऐसे मुश्किल हालात में भी अंबड तहसील के कर्जत गांव के एक युवा किसान ने अपनी मेहनत, लगन और बेहतर नियोजन के दम पर अमरूद की बाग को बचाने में कामयाबी हासिल की है. किसान कल्याण चिंदे ने चार एकड़ जमीन में अमरूद की बाग तैयार की है. खास बात यह है कि पानी की कमी के बावजूद उन्होंने टैंकर से पानी लाकर अपनी बाग को जिंदा रखा और पहली ही फसल में 2 लाख 40 हजार रुपये की कमाई की है.

कल्याण चिंदे पिछले 10 से 12 वर्षों से खेती कर रहे हैं. पहले वे पारंपरिक रूप से कपास और सोयाबीन की खेती करते थे. लेकिन इन फसलों में लागत ज्यादा और आमदनी कम होने के कारण उन्हें खेती करना मुश्किल लगने लगा. इसके बाद उन्होंने पारंपरिक फसलों के बजाय फल उत्पादन की ओर रुख करने का फैसला किया. अमरूद की खेती के बारे में जानकारी हासिल करने के साथ ही उन्होंने आसपास के किसानों की अमरूद की बागों का भी दौरा किया. इसके बाद उन्होंने खुद भी अमरूद की खेती करने का बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया .

किसान कल्याण चिंदे ने अमरावती से ताइवान पिंक किस्म के 3 हजार पौधे खरीदकर चार एकड़ जमीन में लगाए. उन्हें एक पौधा 27 रुपये के हिसाब से मिला. केवल पौधे खरीदने पर ही उनके करीब 80 से 90 हजार रुपये खर्च हुए. इसके अलावा बाग में ड्रिप सिंचाई यानी टपक सिंचाई व्यवस्था लगाने के लिए करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च करने पड़े. खाद और दवाइयों समेत पूरी बाग तैयार करने में उनका कुल खर्च लगभग 3 लाख रुपये आया है. इस साल सूखे के हालात के चलते बाग को पानी देना उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती थी.

लेकिन उन्होंने इस समस्या का भी समाधान निकाला. अपने खेत के पास ही उन्होंने 20 बाय 10 आकार का एक बड़ा गड्ढा तैयार किया है, जिसमें टैंकर के जरिए पानी लाकर जमा किया जाता है. इसके बाद मोटर की मदद से इस पानी को ड्रिप सिंचाई के जरिए अमरूद के पौधों तक पहुंचाया जाता है. आसपास के खेतों से टैंकर द्वारा पानी लाकर उन्होंने अपनी चार एकड़ की बाग को सूखने से बचाया है.

किसान चिंदे की अमरूद की बाग को अब 18 महीने पूरे हो चुके हैं और पौधों पर पहली बार फल आने शुरू हुए हैं. पहली ही फसल में उन्होंने पूरी चार एकड़ की बाग मेहकर के एक व्यापारी को 2 लाख 40 हजार रुपये में ठेका पद्धति यानी एकमुश्त रकम पर दे दी है. इस साल चार एकड़ से करीब 9 से 10 टन अमरूद का उत्पादन होने की उन्हें उम्मीद है. फिलहाल बाजार में अमरूद को 30 से 60 रुपये प्रति किलो तक भाव मिल रहा है और इसकी अच्छी मांग भी है. अमरूद के एक पेड़ पर औसतन 25 से 30 फल लगते हैं. इस फसल में सालभर में दो बार आती है, लेकिन इस साल पानी की कमी को देखते हुए चिंदे ने केवल एक ही बार लेने का फैसला किया. आमतौर पर अमरूद के पौधे लगाने के करीब दो साल बाद फल देना शुरू करते हैं.

इसके अलावा जंगली जानवरों से फसल को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए उन्होंने अपनी पूरी बाग के चारों ओर कंपाउंड भी बनाया है. सूखे की चुनौती, पानी की कमी और खेती में बढ़ती लागत के बावजूद कल्याण चिंदे ने आधुनिक सिंचाई व्यवस्था और बेहतर नियोजन के जरिए फल उत्पादन में सफलता हासिल की है. उनका कहना है कि पारंपरिक फसलों के साथ-साथ किसानों को फल उत्पादन के विकल्प पर भी विचार करना चाहिए. उन्होंने अन्य किसानों से भी फल की खेती की ओर रुख करने की अपील की है.

Share This Article