उत्तर भारत में गिरने वाला है पारा, दक्षिण में बारिश का अलर्ट.. जानें 24 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: Aaj Ka Mausam: नवंबर का महीना खत्म होने वाला है, लेकिन उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में अभी तक कड़ाके की ठंड शुरू नहीं हुई है. सुबह और रात में हल्की ठंड के साथ कोहरा जरूर देखने को मिल रहा है. हालांकि, अब मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान गिर सकता है. इससे ठंड बढ़ने की उम्मीद है. दूसरी ओर, दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है. आइए जानते हैं, 24 नवंबर को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम कैसा रहने वाला है.

दिल्ली-NCR में मंगलवार को आसमान साफ रहने का अनुमान है. हालांकि, सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्का कोहरा या धुंध देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, 24 नवंबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. वहीं, 25 और 26 नवंबर को न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है. यानी सुबह और रात में ठंड का एहसास बढ़ सकता है.

मौसम विभाग ने उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी दी है. 24 नवंबर तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है. वहीं, असम और मेघालय में 24 और 25 नवंबर को घने कोहरे की संभावना है. हिमाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 25 नवंबर तक कोहरा परेशान कर सकता है.

इसके अलावा पंजाब, बिहार, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 23 नवंबर को घने कोहरे की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है. कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है. ऐसे में सुबह और रात के समय सफर करने वालों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

दक्षिण भारत में मौसम का मिजाज बिल्कुल अलग रहने वाला है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 23 से 27 नवंबर तक कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं, 24 से 26 नवंबर के बीच इन इलाकों में कई जगह बारिश होने की संभावना है. केरल और माहे में 24 से 27 नवंबर तक भारी बारिश का अलर्ट है. लक्षद्वीप में भी 25 से 28 नवंबर के बीच कई जगह बारिश हो सकती है. इसके अलावा तटीय कर्नाटक, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी बारिश के आसार हैं.

तमिलनाडु, पुडुचेरी और रायलसीमा में 23 से 27 नवंबर तक गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. केरल और लक्षद्वीप में भी तेज हवाएं चलने की संभावना है.

बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए दक्षिण भारत के किसानों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है. तमिलनाडु में तैयार धान, मूंगफली और दूसरी फसलों की कटाई करके उपज को सुरक्षित जगह रखने की सलाह दी गई है. खेतों में पानी निकालने के लिए नालियों की व्यवस्था करें. वहीं, केले, पपीते, गन्ने और सब्जियों के पौधों को सहारा दें, ताकि तेज हवा से फसल गिरकर खराब न हो.

Share This Article