मंडी के बजाय सीधे ग्राहकों को सब्जी बेचकर पलवल के किसान ने बनाई अलग पहचान, इस बड़े खुलासे से मचा हड़कंप – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: 28 नवंबर 2026, पलवल, हरियाणा: मंडी के बजाय सीधे ग्राहकों को सब्जी बेचकर पलवल के किसान ने बनाई अलग पहचान – हरियाणा के पलवल जिले के किसान बलराम हरिचंद केलना बीते एक दशक से मंडी और बिचौलियों को दरकिनार कर अपनी जैविक सब्जियां सीधे फरीदाबाद के ग्राहकों तक पहुंचा रहे हैं। आलू, गाजर, बैंगन, पत्ता गोभी, सलाद पत्ता, टमाटर, पालक और ब्रोकली जैसी सब्जियां वे खुद उगाते हैं और हर महीने करीब तीन हजार किलो की बिक्री करते हैं।

केलना बताते हैं कि मंडी व्यवस्था में किसान को अक्सर लागत के बराबर दाम भी नहीं मिल पाता, जबकि सीधे ग्राहक तक पहुंचने से बेहतर कीमत मिलती है और खरीदार को भी ताजा, रसायन-मुक्त सब्जी मिलती है।

उन्होंने साल 2014 में फरीदाबाद के एक जैविक स्टोर के बाहर छोटे से स्टॉल से सब्जी बेचना शुरू किया था। पहले दिन सिर्फ 750 रुपये की बिक्री हुई थी, लेकिन अगले ही हफ्ते यह बढ़कर 3,000 रुपये तक पहुंच गई। धीरे-धीरे पड़ोसियों और ग्राहकों के बीच मुंह-जुबानी प्रचार से मांग बढ़ती गई।

खेती का रकबा भी समय के साथ बढ़ता गया। शुरुआत में डेढ़ एकड़ में सब्जी लगाई जाती थी, जो 2017 में ढाई एकड़, 2018-19 में पांच एकड़ और 2021 तक छह एकड़ तक पहुंच गई। आज वे खुदरा दुकानों, स्टॉल और जैविक स्टोर के साथ-साथ कुछ कंपनियों को भी सीधे सब्जी बेचते हैं।

केलना की खुदरा बिक्री हर हफ्ते करीब 200 से 250 किलो और थोक बिक्री करीब 500 से 600 किलो होती है, यानी कुल मिलाकर महीने में लगभग तीन हजार किलो सब्जी बिकती है। खुदरा में औसतन 70 रुपये प्रति किलो का भाव मिलता है, जबकि ब्रोकली जैसी सब्जी प्रीमियम बाजार में 120 से 160 रुपये प्रति किलो तक बिक जाती है। थोक में दाम 40 से 50 रुपये प्रति किलो के बीच रहता है।

Share This Article