रायपुर: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में 28 से 30 सितंबर तक होगा “यूथ इनोवेशन व एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव” – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: 24 सितंबर 2026, रायपुर: रायपुर: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में 28 से 30 सितंबर तक होगा “यूथ इनोवेशन व एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव” – छत्तीसगढ़ के युवाओं में नवाचार, उद्यमिता विकास और प्रौद्योगिकी के व्यवसायीकरण को बढ़ावा देने के लिए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर में 28 से 30 सितंबर 2026 तक “छत्तीसगढ़ यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव 2026” का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान भिलाई, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर, भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान नवा रायपुर, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, छत्तीसगढ़ बायोटेक प्रमोशन सोसायटी और राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के संयुक्त तत्वावधान में होगा।

तीन दिवसीय कॉन्क्लेव में प्रदेशभर से करीब 1000 से अधिक युवा उद्यमियों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों, नवाचारकर्ताओं, स्टार्टअप संस्थापकों, निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम का उद्घाटन 28 सितंबर को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रामेन डेका करेंगे। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम और वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

कॉन्क्लेव के दौरान युवा नेतृत्व वाले उद्यमों और संस्थागत नवाचारों को प्रदर्शित करने के लिए नवाचार एवं स्टार्टअप प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही स्टार्टअप पिचिंग, निवेशक-स्टार्टअप संवाद, नीति संवाद, विशेषज्ञ व्याख्यान, मेंटरशिप और इनक्यूबेशन सत्र भी होंगे। कार्यक्रम में उत्कृष्ट नवाचारों और स्टार्टअप्स को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। तीन शीर्ष युवा नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स को क्रमशः 1 लाख रुपये, 75 हजार रुपये और 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। कॉन्क्लेव में कुल चार तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें नवाचार, अनुसंधान, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और उद्यमिता से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।

कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के प्रथम एवं एकमात्र बायोटेक्नोलॉजी सेक्टर-केंद्रित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर के नवनिर्मित भवन का शुभारंभ भी किया जाएगा। यह केंद्र बायोटेक्नोलॉजी आधारित अनुसंधान, नवाचार, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, स्टार्टअप विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए संस्थागत आधार के रूप में काम करेगा। केंद्र के माध्यम से शोधार्थियों और नवाचारकर्ताओं को प्रोटोटाइप विकास, तकनीकी मार्गदर्शन, इनक्यूबेशन और मेंटरशिप के साथ उद्योगों एवं निवेशकों से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।

कॉन्क्लेव का प्रमुख उद्देश्य छत्तीसगढ़ में लागू नवाचार एवं स्टार्टअप संवर्धन नीति 2025-30 के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देना है। इसके तहत युवाओं को स्थानीय जरूरतों और समस्याओं के तकनीकी एवं व्यावसायिक समाधान विकसित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम में कृषि एवं एग्रीटेक, खाद्य प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन, जैव प्रौद्योगिकी, ग्रामीण उद्यमिता, डिजिटल तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डीप-टेक, नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यावरण एवं जलवायु स्मार्ट तकनीक और फिनटेक सहित अन्य उभरते क्षेत्रों में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा।

कॉन्क्लेव में शामिल होने के इच्छुक युवा छात्र और युवा नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स 25 सितंबर 2026 तक पंजीयन करा सकते हैं। आयोजन के माध्यम से युवाओं को अपने नए विचारों और तकनीकी समाधानों को विशेषज्ञों, उद्योगों और संभावित निवेशकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *