एग्रीवेट: खेती में लगातार बढ़ती लागत, मिट्टी की घटती उर्वरता और मौसम की बदलती परिस्थितियों के बीच किसान अब आधुनिक कृषि तकनीकों और फसल विविधीकरण की ओर रुख कर रहे हैं. ऐसा ही एक प्रेरणादायक उदाहरण जिले के विकासखंड पाटन के ग्राम कुकरभूका के कृषक रामनरेश पटेल ने पेश किया है.पारंपरिक धान और गेहूं की खेती करने वाले रामनरेश पटेल ने रेज्ड बेड प्लांटर मशीन की मदद से दलहन की खेती को लाभ का जरिया बना लिया है. इस तकनीक को अपनाकर वे प्रति हेक्टेयर लगभग 90 हजार से 1 लाख रुपये तक का मुनाफा कमा रहे हैं.
कृषक रामनरेश पटेल लगभग 200 एकड़ क्षेत्र में खेती करते हैं. पहले वे मुख्य रूप से धान और गेहूं की पारंपरिक खेती पर निर्भर थे. लेकिन लगातार एक ही फसल चक्र अपनाने के कारण खेतों की मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होने लगी थी. इसके साथ ही फसलों में कीट एवं रोगों की समस्याएं भी बढ़ने लगी थीं.
आज चक्रवात में तब्दील होगा बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव, कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट – एग्रीवेट
इन चुनौतियों को देखते हुए उन्होंने खेती के तरीके में बदलाव करने का बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया और अपने फसल चक्र में दलहनी फसलों को शामिल किया. वर्तमान में वे उड़द, मटर और सोयाबीन जैसी फसलों की खेती कर रहे हैं. उनका मानना है कि फसल विविधीकरण से न केवल मिट्टी की सेहत बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है, बल्कि खेती को आर्थिक रूप से अधिक मजबूत भी बनाया जा सकता है.
दलहन की खेती शुरू करने के दौरान रामनरेश पटेल को सबसे बड़ी समस्या खेतों में जलभराव की आई.उनके खेतों की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि बारिश के दौरान पानी जमा हो जाता है.शुरुआत में उन्होंने उड़द की खेती की, लेकिन खेतों में अधिक पानी भरने के कारण फसल प्रभावित हो गई.
इस समस्या से निपटने के लिए उन्होंने आधुनिक तकनीक अपनाने का फैसला किया.इसके तहत लगभग 1.25 लाख रुपये की लागत से रेज्ड बेड प्लांटर मशीन खरीदी.इस मशीन की खासियत है कि यह खेत में ऊंची क्यारियां और उनके बीच नालियां बनाते हुए बीज की बोनी करती है.इससे अतिरिक्त पानी नालियों के माध्यम से आसानी से बाहर निकल जाता है और फसल की जड़ों में पानी जमा होने की समस्या कम होती है.
रेज्ड बेड प्लांटर मशीन से खेत में बीज निर्धारित दूरी और समान गहराई पर बोया जा सकता है. इसकी मदद से बोनी के साथ ही डीएपी जैसे उर्वरकों का उपयोग भी किया जा सकता है.इससे खेत में पौधों की उचित दूरी बनी रहती है और फसल का विकास बेहतर तरीके से होता है.
मशीन से क्यारियां और नालियां बनने के कारण जल निकासी की व्यवस्था भी बेहतर होती है. इससे जलभराव से होने वाले नुकसान और कीट-व्याधियों की आशंका कम करने में मदद मिलती है. साथ ही पारंपरिक बोनी की तुलना में श्रम, समय और खेती की लागत में भी बचत होती है.इस मशीन से धान को छोड़कर अधिकांश फसलों की बोनी की जा सकती है.
रामनरेश पटेल के अनुसार, पारंपरिक खेती में कई बार उत्पादन से होने वाली आमदनी से लागत निकालना भी मुश्किल हो जाता था. लेकिन रेज्ड बेड प्लांटर से मशीनी बोनी और फसल विविधीकरण अपनाने के बाद उनकी खेती अधिक लाभकारी हुई है. वर्तमान में उन्हें प्रति हेक्टेयर लगभग 90 हजार से 1 लाख रुपये तक का लाभ मिल रहा है.उनका अनुभव बताता है कि खेती में सही तकनीक, फसल का चयन और खेत की परिस्थितियों के अनुसार कृषि पद्धति अपनाकर बेहतर आर्थिक परिणाम हासिल किए जा सकते हैं.
दलहन की खेती में मिली सफलता के बाद रामनरेश पटेल अब खेती में नए प्रयोग करने की तैयारी कर रहे हैं. आगामी समय में वे काली मिर्च की खेती शुरू करना चाहते हैं. इसके साथ ही आगामी रबी सीजन में सरसों की खेती करने की भी योजना बना रहे हैं.
रामनरेश पटेल का यह नवाचार क्षेत्र के दूसरे किसानों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है.उनका अनुभव बताता है कि पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक कृषि यंत्रों और फसल विविधीकरण को अपनाकर जलभराव जैसी समस्याओं से निपटा जा सकता है और खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है.